प्रतापगढ़ में एसटीएफ को मिली बड़ी सफलता, 50 हजार का इनामी गैंगस्टर महमूद खां गिरफ्तार
Pratapgarh News: यूपी एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कई इनामी अपराधी उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों में सक्रिय होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं.

UP News: उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर एक्ट में वांछित और 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश महमूद खां को गिरफ्तार कर लिया. यह गिरफ्तारी प्रतापगढ़ जिले के रानीगंज थाना क्षेत्र के दांदूपुर तिराहे से दोपहर करीब 12:30 बजे की गई.
एसटीएफ को लंबे समय से सूचना मिल रही थी कि कई इनामी अपराधी उत्तर प्रदेश के अलग अलग जिलों में सक्रिय होकर आपराधिक घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं. इसी कड़ी में एसटीएफ प्रयागराज फील्ड यूनिट को महमूद खां की तलाश में लगाया गया था. एसटीएफ टीम ने निरीक्षक जय प्रकाश राय और डीएसपी शैलेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया.
गिरफ्तार महमूद खां श्रावस्ती जिले के हरदत्त नगर गिरन्ट थाना क्षेत्र के गलगलगोटिया गांव का रहने वाला है. पूछताछ में उसने खुलासा किया कि वह ट्रक लूटने वाले एक संगठित गिरोह का हिस्सा है जिसमें नदीम बृजेश शकील और गुफरान जैसे अपराधी शामिल हैं. फरवरी 2024 में इस गिरोह ने एनटीपीसी बारा के पास एक कंटेनर ट्रक लूट लिया था. चालक को बंधक बनाकर कुछ दूर फेंक दिया गया था.
इसके अलावा, मार्च 2024 में भी इस गिरोह ने प्रतापगढ़ जिले के सैनिक ढाबा के पास खड़े एक और ट्रक को चुरा लिया था जिसकी एफआईआर कोतवाली नगर थाने में दर्ज की गई थी. महमूद को पहले भी शंकरगढ़ थाने में दर्ज एक अन्य केस में गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था लेकिन जेल से छूटने के बाद वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ दमन दीव में छिपा हुआ था.
सूत्रों के मुताबिक महमूद हाल ही में प्रतापगढ़ आया था ताकि अपने खिलाफ चल रहे मुकदमों की जानकारी जुटा सके. लेकिन जब उसे पता चला कि गैंगस्टर एक्ट में उसके ऊपर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है तो वह भागने की कोशिश कर रहा था. उसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना पर एसटीएफ टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. गिरफ्तारी के बाद महमूद खां को फतनपुर थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में रानीगंज थाने में दाखिल किया गया है. आगे की कानूनी कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है.
उत्तर प्रदेश सरकार लंबे समय से संगठित अपराध और इनामी बदमाशों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की नीति पर काम कर रही है. गैंगस्टर एक्ट के तहत दर्ज मामलों में भगोड़े बदमाशों की संपत्ति जब्त करने से लेकर उनकी गिरफ्तारी तक एसटीएफ को लगातार टास्क सौंपे जा रहे हैं. महमूद खां की गिरफ्तारी उसी रणनीति का हिस्सा है. इससे पहले भी यूपी एसटीएफ ने कई इनामी बदमाशों को या तो मुठभेड़ में ढेर किया है या गिरफ्तार किया है. सरकार का दावा है कि संगठित अपराध और माफिया नेटवर्क को जड़ से खत्म करने तक यह अभियान जारी रहेगा.
Source: IOCL
























