उत्तर प्रदेश में SIR के बाद भी डुप्लीकेट मतदाता मिलने के बाद चुनाव आयोग पर सवाल खड़े हो रहे हैं. इस बीच मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने ऐसे मामलों में कार्रवाई की चेतावनी दी है. सोमवार को सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक में निर्देश दिए गए कि ऐसे मामलों का निस्तारण तेजी से करें, इसके साथ ही जिम्मेदार अधिकारी और कर्मचारी की जवाबदेही भी तय करने की बात कही है.
आगामी 24 अक्टूबर को विशेष अभियान को लेकर आयोजित बैठक में निर्देश दिए गए हैं कि डुप्लीकेट मतदाताओं वाली शिकायतों पर गंभीरता से काम करें.वोटर list को पूरी तरह त्रुटीरहित किया जाए. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि ऐसे मामलों में फॉर्म-7 BLO के माध्यम से भरवाकर इसका नियमों के हिसाब से निराकरण करें.
यह भी पढ़ें: अपर्णा यादव की युवाओं को सलाह, रील्स छोड़ महिलाओं की योजनाओं पर दें ध्यान
12 नवंबर को ड्राफ्ट सूची आएगी
बैठक में CEO नवदीप रिणवा ने कहा कि सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (AERO) वोटर लिस्ट के कामों की समीक्षा करेंगे और तय समय सीमा में ये कार्य पूरा कराएंगे. उन्होंने निर्देश दिए हैं कि 12 नवंबर को प्रकाशित होने वाले ड्राफ्ट सूची को सही एवं डुप्लीकेट मतदाता जैसे मामलों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए. इसके लिए जो भी बदलाव हुए हैं और जानकारी है उसे BLO को जरुर दें और उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी दें.
सभासद व ग्राम प्रधानों से लें मदद
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि अभी भी कई विधानसभा क्षेत्रों में पात्र लोग छूट गए हैं. ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनका नाम वोटर लिस्ट में जरुर शामिल करें. उन्होंने निर्देश दिए कि 24 अक्टूबर को विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए सभी विभागों, NGO, BLA, सभासद और ग्राम प्रधानों का सहयोग लिया जाए.
यहां बता दें कि यूपी की वोटर लिस्ट में कई जिलों में डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम सामने आए हैं, जिसको लेकर विपक्ष ने चुनाव आयोग पर सवाल उठाए हैं. अब आयोग ऐसे मामलों का निस्तारण तेजी से करने का दावा कर रहा है.
यह भी पढ़ें: यूपी में आज खिलेगी धूप, ठंड की आहट के बीच बढ़ेगा प्रदूषण
