त्योहारी सीजन में ट्रेन टिकटों में भारी-भरकम वेटिंग और रिग्रेट की स्थिति विमान कंपनियों के लिए अवसर बन गई है. विमानों में सीट की मांग बढ़ते ही किराया भी उड़ान भरने लगा है. हालत यह है कि दीपावली के डेढ़ महीने पहले ही किराया सामान्य से तीन गुणा से अधिक तक पहुंच गया है. जानकारों की मानें तो इस बार विमान किराया पहले की अपेक्षा कहीं अधिक बढ़ सकता है.

दरअसल, दशहरा, दीपावली और छठ पर्व पर दिल्ली, मुंबई, कोलकाता, अमृतसर और दक्षिण भारत के कई शहरों से बड़ी संख्या में यात्री लखनऊ अपने घर पहुंचते हैं. पिछले साल तक रेलवे 120 दिन पहले ट्रेनों के आरक्षण की बुकिंग शुरू करता था. साथ ही अधिक वेटिंग लिस्ट की उपलब्धता भी यात्रियों के पास होती थी.

एडवांस की बुकिंग की समय-सीमा घटी

भारतीय रेलवे ने अब एडवांस आरक्षण की समय सीमा की घटाकर 60 दिन कर दिया है. साथ ही एसी और नान एसी श्रेणी के यात्रियों के लिए वेटिंग कोटा भी कम कर दिया है. इससे ट्रेनों की उपलब्ध सीटों के सापेक्ष 60 प्रतिशत तक वेटिंग होते ही स्थिति रिग्रेट हो रही है.

डेढ़ महीने पहले बढ़ गया विमानों का किराया

दीपावली पर लखनऊ आने वाली 17 अक्टूबर की ट्रेनों में स्थिति रिग्रेट होने के कारण यात्री बड़ी संख्या में विमान टिकट बुक करा रहे हैं. इसके चलते जो किराया पर्व के एक सप्ताह पहले महंगा होता था, वह इस बार डेढ़ महीने पहले ही बढ़ गया है. यात्रियों के लिए हर सीट की बुकिंग के साथ महंगे विमान किराए की मुश्किलें और बढ़ेंगी. मुंबई से लखनऊ का किराया इस बार 28 से 30 हजार रुपये तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है.

इन विमानों का बढ़ा किराया

विमान संख्याकहां के तक किराया
6ई-544मुंबई से लखनऊ 22149 रुपये
6ई-677मुंबई से लखनऊ 22149 रुपये
6ई- 2442मुंबई से लखनऊ 18399 रुपये
6ई- 5315 दिल्ली से लखनऊ8478 रुपये
6ई- 2258दिल्ली से लखनऊ8478 रुपये
6ई- 903बेंगलुरु से लखनऊ22307 रुपये
6ई- 196 बेंगलुरु से लखनऊ17333 रुपये
6ई- 515चेन्नई से लखनऊ

12248 रुपये

6ई- 338 पुणे से लखनऊ

19488 रुपये

6ई- 6167हैदराबाद से लखनऊ 

16946 रुपये

6ई- 6811गोवा से लखनऊ 

11823 रुपये

वरिष्ठ नागरिकों के लिए ई-व्हीलचेयर सेवा शुरू

इधर, इंडियन रेलवे ने वरिष्ठ नागरिकों, बीमार और दिव्यांग यात्रियों की सुविधा के लिए ई-व्हीलचेयर सेवा शुरू की है. यात्री IRCTC पोर्टल से ऑनलाइन व्हीलचेयर बुक कर सकते हैं. यह सुविधा कई प्रमुख स्टेशनों पर मुफ्त उपलब्ध है. बुकिंग वाउचर दिखाकर स्टेशन के कलेक्शन सेंटर से व्हीलचेयर प्राप्त की जा सकती है.

ये भी पढ़ें: 7 सितंबर को दोपहर बाद दर्शन नहीं देंगे रामलला, 8 तारीख को खुलेंगे कपाट, ट्रस्ट ने इस वजह से उठाया कदम