यूपी विधान परिषद चुनाव के दौरान आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने वोटिंग में गड़बड़ी और अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने कहा कि बीजेपी समर्थकों द्वारा बूथ कैप्चरिंग की गई और उनके प्रबंधकों और उनके साथ उत्पीड़न किया. उन्होंने कहा कि जो सनातन के रक्षक बनकर ऐसा कर रहे हैं मैं ऐसे सनातन धर्म में ही नहीं रहना चाहता. इस दौरान वो भावुक होकर रो पड़े. 

Continues below advertisement

सपा उम्मीदवार आकाश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि "बूथ नंबर 20 खैरागढ़ में प्रत्याशी के भतीजे ने लूट लिया, उसका वीडियो कमिश्नर को भेज दिया गया है, बूथ 40 को भी लूट लिया गया. हमारे प्रबंधकों को पूरे 12 जिलों में जब चाहे अधिकारियों द्वारा उठा लिया गया. जिस भी अधिकारी की इच्छा होती तो वो अफवाहें फैलाते हैं, झूठे आरोप लगाते हैं. हमारे लोगों को गिरफ़्तार करते हैं, और मौखिक रूप से गाली देते हैं."

भावुक होकर रोने लगे आकाश अग्रवाल

आकाश अग्रवाल इस दौरान अपनी बात कहते हुए भावुक हो गए और रोने लगे. यहीं नहीं उन्होंने धर्म परिवर्तन करने का भी दावा कर दिया. उन्होंने कहा कि मुझे ऐसा लगने लगा है कि जैसे में पाकिस्तान से आया कोई आतंकवादी हूं. जिस सनातन के रखवालों की वजह से मुझे परेशान किया जा रहा है. मैं ऐसे सनातन में रहना नहीं चाहता. मैं अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह जाकर अपना धर्म परिवर्तन कराऊंगा. 

Continues below advertisement

उन्होंने कहा कि मैं आजाद भारत में रह रहा हूं, मैं किसी पार्टी से चुनाव लड़ूंगा या नहीं लड़ूंगा ये मेरा फैसला है. मैंने अब अपना खुदा ही बदलने का फैसला ले लिया है. मैं सरकार से कहना चाहूंगा, जैसे चुनाव कराना है वैसे करा लें, अधिकारी कठपुतली बने हैं, वो सरकार के इशारे पर काम कर रहे हैं. 

योगी सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

आकाश अग्रवाल ने कहा कि मेरा गुस्सा वर्तमान यूपी सरकार से हैं. प्रशासन ने बूथ कैप्चरिंग कराई और मानने को भी तैयार नहीं. अब अगर मेरी हत्या भी हो जाती है तो कोई आश्चर्य नहीं होगा. कुछ प्रत्याशियों को भाजपा ने अपने समर्थन में बिठा दिया. वर्तमान समय में यूपी का माहौल बेहद ख़राब है. उन्होंने कहा कि इससे बेहतर तो कांग्रेस सरकार थी, कम से कम बताकर इमरजेंसी लगाई थी. लेकिन अब तक अघोषित इमरजेंसी लगी हुई है. 

अखिलेश यादव ने भी किया समर्थन

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस आकाश अग्रवाल की शिकायतों को लेकर सवाल उठाए और कहा कि उनके आंसू देखकर पूरा अग्रवाल समाज बेहद आहत है. सपा प्रत्याशी को हराने के लिए भाजपाइयों, उनके संगी-साथियों व अधिकारियों ने मिलकर चुनावी घपलों की सारी हदें पार कर दीं, जिससे प्रताड़ित, दुखी व अपमानित होकर डॉ. आकाश अग्रवाल जी एक ऐसा फ़ैसला लेने की घोषणा कर रहे हैं, जिससे उनकी तरह संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज’ भी व्यथित हो गया है. 

सपा मुखिया ने दावा किया कि जब समय आएगा तो उनकी पार्टी आकाश अग्रवाल को यथोचित सम्मान और स्थान देकर संपूर्ण ‘अग्रवाल समाज’ के मान-सम्मान की पुनर्स्थापना करेगी, चुनाव के लुटेरे इन दग़ाबाज़ भाजपाइयों और उनके संगी-साथियों की भ्रष्ट सत्ता अब और नहीं चलेगी. जनता अब इनकी जड़ में मट्ठा डाल देगी.