उत्तर प्रदेश में विधान परिषद की 11 सीटों पर होने वाले चुनाव में मतदान करने के लिए मतदाताओं को अपना बूथ पता करने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा. स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता घर बैठे ऑनलाइन अपने मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी ले सकेंगे. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने इस संबंध में जरूरी निर्देश जारी किए हैं.

Continues below advertisement

स्नातक और शिक्षक चुनाव में मतदान प्रदेश में 23 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा. इस चुनाव में 14.18 लाख मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे, जबकि 152 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला होगा. 

यूपी विधान परिषद चुनाव के लिए चेक करें पोलिंग बूथ

Continues below advertisement

मतदान के लिए कुल 2697 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं. मतदाता मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश की आधिकारिक वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in पर जाकर अपने मतदान केंद्र की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट के होम पेज पर दिए गए ‘Search your polling station by name for Graduate and Teacher Constituency’ विकल्प पर क्लिक करना होगा.

मतदान के लिए पहचान पत्र जरूरी

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के समय मतदाता फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा. इसके अलावा आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट और सरकारी या मान्य संस्थानों की ओर से जारी सेवा पहचान पत्र जैसे वैकल्पिक दस्तावेज भी स्वीकार किए जाएंगे. सांसद, विधायक और पार्षदों को जारी सरकारी पहचान पत्र भी मान्य होंगे.

दिव्यांग मतदाताओं के लिए सक्षम प्राधिकारी की ओर से जारी दिव्यांगता प्रमाणपत्र और केंद्र सरकार का यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड भी वैकल्पिक पहचान दस्तावेज के रूप में मान्य होगा. विश्वविद्यालय की ओर से जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाणपत्र भी निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों में शामिल है.

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने मतदाताओं से अपील की है कि वे मतदान से पहले ऑनलाइन अपने मतदान केंद्र और मतदाता सूची में क्रम संख्या की जानकारी जरूर प्राप्त कर लें, ताकि मतदान के दिन किसी तरह की परेशानी न हो.