यूपी के कुशीनगर में भारी बिजली कटौती का संज्ञान लेते हुए कप्तानगंज की नायब तहसीलदार रंजना त्रिपाठी ने बीती देर रात कस्बे के विद्युत सब स्टेशन पहुंच कर आकस्मिक निरीक्षण किया. नायब तहसीलदार के निरीक्षण के समय मौके पर कोई भी अधिकारी और कर्मचारी हाजिर नहीं मिला है.

मौके से नायब तहसीलदार ने सभी अधिकारियों को फोन किया लेकिन किसी अधिकारी ने फोन रिसीव नहीं किया. उसके बाद नायब तहसीलदार ने उपस्थिति पंजिका में यह दर्ज कर दिया कि मौके पर जेई उपस्थित नहीं मिले और फोन करने पर उनका नंबर स्विच ऑफ मिला. एसडीओ के मोबाइल पर घंटी गई लेकिन वह फोन नहीं उठाए. इसके बाद दो कर्मचारी जो उपस्थित थे वे विद्युत कार्य नहीं जानते हैं. 

लगातार मिल रही शिकायतों पर तहसीलदार ने किया निरीक्षण

बताते चलें कि विद्युत सब-स्टेशन कप्तानगंज पर विद्युत कटौती, फाल्ट होने, तार टूटने व कर्मचारियों और अधिकारियों की लापरवाही के कार्यों के कारण सुर्खियों में है. इसकी लगातार शिकायत होने के बाद विभाग ने यहां के एसडीओ का स्थानांतरण कर दिया और रूपेश कुशवाहा को यहां का एसडीओ बना दिया. 

उसके बाद विद्युत उपभोक्ताओं को लगा कि एसडीओ का स्थानांतरण होने के बाद दूसरा कोई अधिकारी आएगा तो विद्युत सप्लाई ठीक से मिला करेगी , लेकिन लोगों की उम्मीदों पर पानी फिर गया. पूर्व के एसडीओ से अधिक लापरवाह यह एसडीओ साहब निकल गए. लोगों की समस्याओं पर ध्यान नहीं देते हैं. 

उपभोक्ताओं के फोन नहीं उठाते बिजली अधिकारी

उपभोक्ताओं का फोन तक नहीं उठाते हैं.  विजली कटौती, फाल्ट होने फोन न उठाने ,दलालों से घिरे रहने का आरोप लगाते हुए बिजली उपभोक्ताओं ने एक शिकायत यहां के उपजिलाधिकारी से कर दी. उपभोक्ताओं के गंभीर आरोपों को संज्ञान में लेकर कप्तानगंज के उप जिलाधिकारी ने अपने नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी को आकस्मिक निरीक्षण करने को कहा. 

नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी ने 14/15 की रात्रि 2 बज कर 20 मिनट पर अपने दल बल के साथ पावर हाउस पहुंच गईं.जांच में मालूम हुआ कि स्टेशन पर कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं है और ना ही कोई लाइन मैन उपस्थित है. दो कर्मचारी उपस्थित मिले लेकिन उनको विद्युत कार्यों से संबंधित कोई जानकारी नहीं थी. 

तहसीलदार का फोन भी नहीं उठाया

नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी ने जेई को फोन मिलाया तो उनका फोन स्विच ऑफ मिला. उसके बाद नायब तहसीलदार ने एसडीओ को फोन लगाया लेकिन एसडीओ ने उनका फोन रिसीव नहीं किया. 

उसके बाद नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी ने बकायदा उपस्थित पंजिका पर पूरी जांच का हवाला देते हुए इन अधिकारियों को गैरहाजिर दर्ज कर दी. नायब तहसीलदार के इस औचक निरीक्षण से पूरे विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है. 

क्या बोलीं नायब तहसीलदार

नायब तहसीलदार एकता त्रिपाठी ने कहा कि विद्युत उपभोक्ताओं की शिकायत पर उपजिलाधिकारी ने मुझे निरीक्षण कर जांच आख्या मांगी थी. मैने देर रात विद्युत वितरण केंद्र कप्तानगंज का औचक निरीक्षण किया. औचक निरीक्षण में जेई और एसडीओ अनुपस्थित मिले.

वहीं उन्होंने बताया कि जेई का नंबर स्विच ऑफ मिला और एसडीओ का फोन रिसीव नहीं हुआ. दो कर्मचारी मिले लेकिन वह विद्युत कार्यों को नहीं जानते हैं. मेरे द्वारा उपस्थित पंजिका पर यह निरीक्षण और आख्या दर्ज कर दी गई. पूरी जांच आख्या एसडीएम को लिखित में दी जाएगी.