कानपुर नगर पुलिस कमिश्नरेट की चकेरी पुलिस ने प्रेम प्रसंग से जुड़े एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस कई दिनों से इस मामले की जांच में जुटी हुई थी. आखिरकार पुलिस ने हत्याकांड का राजफाश किया है.
मृतक 22 वर्षीय ऋषिकेश उर्फ सोना की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी और शव को ठिकाने लगाने के लिए गंगा नदी में फेंक दिया गया था. पुलिस ने इस मामले का खुलासा मात्र 48 घंटे में कर बड़ी सफलता हासिल की है.
घटना का सिलसिलेवार ब्यौरा
वादी मुकदमा रवि कुमार ने थाना चकेरी में 30 अगस्त को तहरीर दी थी कि उनका छोटा भाई ऋषिकेश 29 अगस्त की रात से लापता है. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि पड़ोस में रहने वाले मोगली उर्फ प्रिंस और निखिल उसे घर से बाहर बुलाकर श्री गणेश चतुर्थी पंडाल ले गए थे. वहां पर उनके अन्य साथी बाबी, डेनी, पवन, सत्यम, रिशु और आकाश उर्फ आलू भी मिले.
सभी ने मिलकर सोची-समझी साजिश के तहत ऋषिकेश को जबरन बाइक पर बैठाकर काकोरी जंगल के सुनसान इलाके में ले जाकर उसकी चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी. हत्या के बाद शव को बोरे में डालकर पवन के ई-रिक्शा से जाजमऊ गंगापुल ले जाया गया और सिर व धड़ अलग-अलग दिशा में गंगा नदी में फेंक दिया गया.
प्रेम प्रसंग के चलते की युवक की हत्या
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि मृतक ऋषिकेश और मुख्य आरोपी पवन की बहन के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था. पवन इस संबंध से बेहद नाराज था. पहले वह एक पुराने मुकदमे में जेल भी गया था और जिला बदर रहा. वापसी पर उसे जब इस रिश्ते की जानकारी हुई तो उसने अपने साथियों संग मिलकर ऋषिकेश की हत्या की साजिश रच डाली.
शव की शिनाख्त
31 अगस्त की शाम थाना महाराजपुर क्षेत्र में गंगा नदी किनारे गौशाला गांव के पास एक युवक का धड़ बरामद हुआ. सिर धड़ से अलग था. पुलिस ने परिजनों को बुलाकर शिनाख्त कराई. हाथ पर बने टैटू और बंधे कलावे से परिजनों ने पुष्टि की कि शव ऋषिकेश उर्फ सोना का ही है.
पुलिस ने की कार्रवाई
पुलिस आयुक्त कानपुर नगर के निर्देशन में और डीसीपी पूर्वी, एडीसीपी पूर्वी व एसीपी चकेरी के नेतृत्व में चकेरी पुलिस और सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर 1 सितम्बर को काकोरी जंगल क्षेत्र से चार अभियुक्तों मोगली उर्फ प्रिंस (19 वर्ष), निखिल पुत्र डब्बू (19 वर्ष), आकाश उर्फ आलू (26 वर्ष), रिशु वर्मा (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया गया है. अन्य अभियुक्त बाबी, डेनी, पवन और सत्यम की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें दबिश दे रही हैं.
अपराधियों का इतिहास
गिरफ्तार अभियुक्त निखिल के खिलाफ पूर्व में भी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है. वर्ष 2023 में उसके खिलाफ थाना चकेरी में हत्या के प्रयास, मारपीट और SC/ST एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज हुआ था.
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला, अति. निरीक्षक अबनेन्द्र सिंह, उ.नि. सुरवीप डागर (प्रभारी सर्विलांस), ज.नि. चन्द्र प्रकाश सहित पुलिस कर्मियों की अहम भूमिका रही.
