पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बंगापानी इलाके में सोमवार तड़के बादल फटने की घटना में मृतकों की संख्या 10 पहुंच गई है. बुधवार को यहां से तीन और शव बरामद किए गए हैं. पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी वीके जोगदंडे ने बताया कि टांगा गांव में मलबे से अब तक सात शवों को निकाला जा चुका है. उन्होंने बताया कि बुधवार को बचाव दल ने तीन शव मलबे से बरामद किए. क्षेत्र में एनडीआरएफ, राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ), भारत-तिब्बत सीमा पुलिस और राजस्व पुलिस की टीमें अभी भी तलाशी अभियान चला रही हैं.
11 लोग हुए थे लापता गौरतलब है कि बंगापानी सब डिवीजन में बादल फटने से 11 लोग लापता हो गए थे. प्रभावित क्षेत्र से मंगलवार को 2 और शव बरामद किए गए है.
उत्तराखंड में भारी बारिश की वजह से नदियां उफान पर हैं. कई जगहों पर सड़क में दरार आ गई है. शनिवार को भी उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में भारी बारिश की वजह से गोरी नदी के पानी में 4 घर बह गए थे. 21 से 23 जुलाई के बीच प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताते हुए मौसम विभाग ने पिथौरागढ़, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जिलों में अलर्ट जारी किया है. इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, नैनीताल और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
ये भी पढ़ें:
उत्तराखंड: पिथौरागढ़ में बादल फटने से मलबे में बह गए थे 11 लोग, 2 शव बरामद, 9 लोगों की तलाश जारी