हरिद्वार, एबीपी गंगा। पिस्टल और रिवाल्वर के साथ शराब पीते हुए तमंचे पे डिस्को करने वाले उत्तराखंड के विवादित विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के खिलाफ हरिद्वार पुलिस ने बड़ी कारवाई की है। हरिद्वार पुलिस ने वायरल वीडियो में दिख रहे बन्दूकबाज विधायक के तीन शस्त्र लाइसेंस निलबिंत कर दिए हैं। हरिद्वार जिलाधिकारी ने पुलिस से उनके तीनो लाइसेंस जब्त करने के आदेश दिए हैं।
उत्तराखंड के हरिद्वार के खानपुर भाजपा विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन को शराब के नशे में हथियारों के साथ डांस करना महंगा पड़ गया। पिछले दिनों एक वायरल वीडियो में विधायक अपने कुछ साथियों के साथ शराब पीते हुए हथियारों को लहराते हुए डांस करते दिख रहे थे। उनके हाथ में एक नहीं, दो नहीं बल्कि 4 हथियार थे जिनमे एक कार्बाइन, एक माउजर और दो पिस्टल थी। विधायक कभी हाथों में तो कभी मुह में पिस्टल को दबाते हुये मदमस्त होकर डांस में मशगूल थे। यही नहीं विधायक जी पर शराब, हथियार के साथ साथ राजशाही और सत्ता का नशा इस कदर हावी था कि वह भद्दी भद्दी अश्लील गालियां भी दे रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने के बाद भाजपा ने भी उनके खिलाफ कार्रवाई का मन बनाते हुए निलंबन की चेतावनी के साथ उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर 10 दिन में जवाब तलब किया है।
उधर हथियारों के साथ डांस करने को उत्तराखंड पुलिस ने भी गंभीरता से लिया है। हरिद्वार के जिलाधिकारी दीपेंद्र चौधरी ने थाना मंगलौर की संस्तुति पर विधायक प्रणव सिंह चैंपियन के तीन हथियारों के लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि मंगलौर थाना पुलिस ने अपनी रिपोर्ट में कहा था कि ये पहले भी हथियारों का दुरुपयोग करते रहे हैं और इनके पास हथियार रहने से कभी भी कोई घटना को अंजाम दे सकते हैं। इसलिए इनके लाइसेंस निलंबित कर दिए जाएं। जिलाधिकारी का कहना है कि विधायक जी को नोटिस भेजकर 14 दिन का समय दिया है। संतोषजनक जवाब नहीं आने पर तीनों लाइसेंस निरस्त कर दिए जाएंगे।