Telangana Assembly Election: भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के प्रमुख के. चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने उत्तर प्रदेश के अपने समकक्ष योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए रविवार को कहा कि वह तेलंगाना आते हैं और उपदेश देते हैं, जबकि उनके खुद के राज्य (उप्र) में लोगों के लिए भोजन की गारंटी नहीं है.
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार पर कटाक्ष करते हुए केसीआर ने कहा कि वह तेलंगाना में आकर सिद्धरमैया के नेतृत्व वाली कर्नाटक सरकार द्वारा किसानों को पांच घंटे मुफ्त बिजली दिए जाने का बखान करते हैं, जबकि बीआरएस सरकार किसानों को 24 घंटे मुफ्त बिजली देती है.
केसीआर ने 30 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव के सिलसिले में तीन अलग-अलग रैलियों को संबोधित किया. उन्होंने योगी पर निशाना साधते हुए कहा, 'राज्य में कई महान लोग आ रहे हैं. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री ‘लुंगी’ पहनकर यहां आएंगे. उनके राज्य में भोजन की कोई गारंटी नहीं है. वह यहां आते हैं और हमें उपदेश देते हैं.’’
राज्य प्रगति कर रहा है- KCRउन्होंने कहा, ‘‘यूपी, बिहार और बंगाल के खेतिहर मजदूर काम के लिए तेलंगाना आ रहे हैं. वे आजीविका के लिए यहां आ रहे हैं. वे मुख्यमंत्री हमें उपदेश दे रहे हैं. मुझे समझ नहीं आ रहा है कि मुझे इसके बारे में क्या कहना चाहिए.''
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य प्रगति कर रहा है और यह प्रति व्यक्ति आय तथा बिजली जैसे कई मापदंडों में ‘नंबर एक’ बन गया है. उन्होंने कहा, 'बीआरएस ‘कर्ण के कवच’ (महाभारत काल) की तरह तेलंगाना की रक्षा करती है. बीआरएस का गठन तेलंगाना राज्य, इसके विकास और तेलंगाना के लोगों और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए हुआ था.' मुख्यमंत्री ने नागार्जुन सागर सिंचाई परियोजना का जिक्र करते हुए कहा, 'कांग्रेस नेताओं ने कभी भी सिंचाई परियोजनाओं के बारे में नहीं सोचा, जिससे तेलंगाना के लोगों को फायदा होता.'
