उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले ही सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. खासकर अयोध्या की विधानसभा सीट इन दिनों सबसे अधिक चर्चा में हैं क्योंकि इस सीट से चुनाव लड़ने को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव के बीच जुबानी जंग देखने को मिल रही है.

Continues below advertisement

इन सबके बीच इस सीट से सपा उम्मीदवार पवन पांडेय ने योगी सरकार पर निशाना साधा है और सवाल कर दिया कि योगी आदित्यनाथ चुनाव छोड़िए पहले ये तो बताइए कि उनका टिकट भी पक्का है या नहीं. सपा नेता ने कहा कि योगी आदित्यनाथ पहले जाकर टिकट लाए और फिर कोई बात करें.

'क्या योगी जी का टिकट पक्का है?'

सपा नेता नारायाण पांडे ने मीडिया से बातचीत में कहा, "क्या योगी जी का टिकट पक्का है? पहली बात तो मुझे यही समझ में नहीं आ रही कि वो किस बात की चुनौती दे रहे हैं. पिछली बार 2022 में योगी आदित्यनाथ ने यहां मिठाई, बैग और मोबाइल आदि बंटवाए थे, लेकिन जब टिकटों की सूची आई, तो उनका टिकट गोरखपुर से हो गया. योगी जी पहले अयोध्या से अपना टिकट लेकर आएं, फिर इस तरह की बातें करें. अभी तो उनकी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी यह स्पष्ट नहीं किया है कि उन्हें अयोध्या से टिकट मिलेगा या नहीं. फिलहाल योगी जी के सामने खुद टिकट का संकट है.  पार्टी उन्हें टिकट कहां से देगी, यह तो बाद की बात है."

'मैं अयोध्या से चुनाव लड़ने को तैयार आप भी...', CM योगी ने कबूल किया अखिलेश का चैलेंज!

अयोध्या में विकास का मुद्दा उठाया

बीजेपी की योगी सरकार पर निशाना साधते हुए सपा नेता ने दावा किया कि अयोध्या में विकास नहीं हुआ है, केवल लूट हुई है. किसानों की जमीनें लेकर मुआवजा नहीं दिया गया है. उन्होंने कहा, "अयोध्या को जिस तरह से ठगा और लूटा गया है. सड़क बनाने के नाम पर व्यापारियों को मकान और दुकान लूटे गए, मुआवजों में अधिकारियों ने खेल किया, करोड़ों का मकान लेकर एक 5-10 लाख का मुआवजा दिया. किसानों की जमीनें एयरपोर्ट के नाम पर ले ली गई सही मुआवजा नहीं दिया गया. ये विकास की बात करते हैं जो पहली बरसात में ही बिलबिलाने लगा. अयोध्या में लूट हुई है. व्यापार पर डाका, किसानी पर डाका, रोजगार पर डाका." इसके अलावा सपा नेता ने दावा किया कि यदि सपा सत्ता में आती है तो VIP कल्चर को भी समाप्त कर दिया जाएगा.

मामला क्या है?

दरअसल, अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट कर बीजेपी पर निशाना साधा था और दावा किया था कि अयोध्या से पार्टी का कोई नेता चुनाव नहीं लड़ना चाहता है. इससे पहले अखिलेश ने योगी आदित्यनाथ को अयोध्या से विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी. इसके बाद योगी ने एक जनसभा में इस चुनौती को स्वीकार कर लिया और कहा कि दोनों नेताओं को अयोध्या से चुनाव लड़ना चाहिए. योगी ने कहा कि वो अखिलेश को अयोध्या की सीट से  नामांकन दाखिल करने का निमंत्रण देते हैं. योगी ने चुनौती देते हुए कहा, "मैं भी वहां से चुनाव लड़ूंगा और अपना भाग्य आजमाऊंगा. निर्णय होने दें. आप आएं और मैं भी आऊंगा. लड़ाई प्यादों से क्यों होनी चाहिए? आमने-सामने की लड़ाई होनी चाहिए."

CM योगी ने कबूला अयोध्या चुनाव चैलेंज तो सपा चीफ बोले- 'लोकसभा भूल गए क्या'