Shahjahanpur News: यूपी के शाहजहांपुर (Shahjahanpur) में बीजेपी विधायक (BJP MLA) के बेटे पर राजकीय ठेकेदार को पीटने का आरोप लगा है. ददरौल विधानसभा क्षेत्र में दो सड़कों का निर्माण कर रहे ठेकेदार का रोड की कमीशन को लेकर विधायक मानवेंद्र सिंह के बेटे विमल सिंह के साथ विवाद हो गया. ठेकेदार का आरोप है कि विधायक का बेटा उनसे एडवांस में कमीशन मांग रहा था, जब उन्होंने कमीशन से मना किया तो वो आग बबूला हो गया और उसने अपने दर्जन भर साथियों के साथ ठेकेदार को जबरन गाड़ी में डाल लिया और मारपीट की. 

पीड़ित ठेकेदार ने इस मामले में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. वहीं दूसरी तरफ क्षेत्र के बीजेपी विधायक मानवेंद्र सिंह का कहना है कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. वो ठेकेदार सपा के इशारे पर उन्हें बदनाम करने की कोशिश कर रहा है. 

बीजेपी विधायक के बेटे पर लगाया आरोपये घटना शाहजहांपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र के ओसीएफ रामलीला मैदान की है. पीडब्ल्यूडी विभाग में राजकीय ठेकेदार मोहित अवस्थी ने आरोप लगाया है कि उसे ददरौल विधानसभा क्षेत्र में दो सड़कों के निर्माण का ठेका मिला है. ठेकेदार ने बताया कि ददरौल विधानसभा क्षेत्र से मानवेंद्र सिंह बीजेपी के विधायक हैं. उनके बेटे विमल सिंह उससे विधानसभा क्षेत्र में सड़क बनाने के बदले में 10 परसेंट कमीशन एडवांस में मांग की. जब ठेकेदार ने कमीशन का पैसा विधायक के बेटे को देने से मना किया तो उसने अपने साथियों के साथ उसे जबरन कार में डाल लिया और उसे ओसीएफ रामलीला ग्राउंड में ले गए . 

ठेकेदार का आरोप है बीजेपी विधायक के बेटे ने अपने साथियों के साथ रामलीला ग्राउंड में मारपीट की. पीड़ित ने इस मामले में थाना सदर बाजार में शिकायत दर्ज कराई है, लेकिन अभी तक आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है, वहीं अब ठेकेदार ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ से न्याय की गुहार लगाई है. ठेकेदारों का कहना है कि एक तरफ तो यूपी के सीएम इन्वेस्टर्स समिट का आयोजन कर रहे हैं लेकिन जब उनके प्रदेश के ही ठेकेदार उनके विधायकों से सुरक्षित नहीं हैं तो प्रदेश में फैक्ट्री लगाने वाले कैसे सुरक्षित होंगे?

इस पूरे मामले पर जब बीजेपी विधायक मानवेंद्र सिंह से बात की गई तो उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि इस तरह का कोई भी मामला उनके संज्ञान में नहीं है. उन्होंने कहा कि ठेकेदार उनकी छवि खराब करना चाहता है इसलिए वो सपा के इशारे पर उन पर झूठा आरोप लगा रहा है. 

ये भी पढ़ें- Yamuna Expressway पर दर्दनाक हादसा, शव को घसीटती रही कार, शख्स की नहीं हो सकी पहचान