योग गुरू बाबा रामदेव AIMIM नेता असदुद्दीन ओवैसी को लेकर बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ओवैसी कहीं और के लिए अच्छे हो या ना हो लेकिन यूपी के बहुत उत्तम हैं क्योंकि कुछ लोगों के वोट कटने से सीएम योगी को बहुत फायदा होगा. उनके इस बयान पर सियासत भी तेज हो गई हैं. समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने उन पर पलटवार करते हुए कहा कि बीजेपी और ओवैसी दोनों ही कट्टरपंथी हैं. 

Continues below advertisement

रामदेव के बयान पर सपा-कांग्रेस का पलटवार

ओवैसी को लेकर रामदेव के बयान पर अब वार-पलटवार शुरू हो गया है. काँग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि लाला रामदेव ने स्पष्ट कर दिया है कि बीजेपी हो या ओवैसी दोनों ही कट्टरपंथी हैं. वहीं काँग्रेस नेता उमाशंकर पांडे ने कहा कि ओवैसी और रामदेव दोनों ही व्यापारी हैं. एक राजनीति में व्यापार करते हैं और दूसरे व्यापार में राजनीति करते हैं. 

कांग्रेस नेता ने कहा कि रामदेव व्यापार में राजनीति वाले हैं, उनको भाजपा की सरकार बचाती है. इसलिए रामदेव भाजपा की सरकार को बचाने के लिए बीच-बीच में बयान देते रहते हैं. ये कौन नहीं जानता कि ओवैसी चुनाव लड़ने जाते नहीं हैं, उनको लाया जाता है. भाजपा उनको लाती है अपने खर्चे पर चुनाव लड़वाती है. उनके लोग भड़काऊ बयान देंगे. 

Continues below advertisement

ओवैसी पर धार्मिक ध्रुवीकरण बढ़ाने का आरोप

ओवैसी मंचों से भड़काऊ भाषण देंगे, इससे हिंदू और मुस्लिम के बीच दूरियां बढ़ती हैं और इस दूरी से जो धार्मिक ध्रुवीकरण होता है उसका फायदा भाजपा को होता है, इसलिए ओवैसी को भाजपा चुनाव लड़ाने के लिए बुलाती है. अब ये बयानबाजी करके वो अपने व्यापार को बचाने का काम कर रहे हैं ताकि उनके सब-स्टैंडर्ड दवाईयों और फूड सप्लीमेंट पर कार्यवाही ना हो. 

सपा के राज्यसभा सांसद रामगोपाल यादव ने रामदेव के बयान पर पलटवार किया और कहा कि जहाँ तक ओवैसी के उत्तर प्रदेश में चुनाव लड़ने की बात है, वो किसके इशारे पर बोल रहे हैं? ये जिम्मेदारी प्रेस की होती है, प्रेस को जनता को सही सत्य सामने रखना चाहिए. आप नहीं जानते क्यों कह रहे हैं वो और उनसे कौन कहलवा रहा है?

बीजेपी की बी टीम हैं असदुद्दीन ओवैसी

सपा प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा कि हम बार-बार बोल रहे थे. बाबा रामदेव खुद बता चुके हैं कि ओवैसी, भारतीय जनता पार्टी की बी टीम है और ये बी टीम बंगाल, बिहार की तरह अब उत्तर प्रदेश में भी अपना काम करना चाहती है. लेकिन बीजेपी ये भूल गई है, ये उत्तर प्रदेश है, दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से जाता है, उत्तर प्रदेश के मतदाता बिल्कुल भी नासमझ नहीं हैं और बहुत सतर्क हैं. 

बीजेपी ने भी सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना

बीजेपी प्रवक्ता नवीन श्रीवास्तव ने कहा कि बाबा रामदेव के ओवैसी को लेकर दिए बयान का कोई मतलब नहीं है. एक समय था जब यूपी बीमारू श्रेणी में था, आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सीएम योगी आदित्यनाथ सरकार अपनी विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन से उत्तम प्रदेश के रूप में परिवर्तित कर दिया है.

बीजेपी नेता ने कहा कि यूपी में बेहतर कानून व्यवस्था के कारण बड़े पैमाने पर औद्योगिक निवेश, उससे उत्तर प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय में तीन गुनी वृद्धि, उत्तर प्रदेश की जीडीपी में चार गुनी वृद्धि हुई. यूपी में लाखों नौजवानों को बिना किसी भेदभाव के पारदर्शी तरीके से नौकरी दी गई. इनके आधार पर बीजेपी चुनाव में जाएगी. बीजेपी को इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता कि विपक्षी दल आपस में लड़ते हैं या अलग-अलग लड़ते हैं.