रुद्रप्रयाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने पूरे जनपद में हालात गंभीर बना दिए हैं. मां अलकनंदा नदी उफान पर है और कई स्थानों पर उसका जलस्तर खतरे के निशान के आसपास पहुंच गया है. बेलनी क्षेत्र में स्थापित भगवान शिव की विशाल प्रतिमा भी नदी के तेज बहाव में जलमग्न हो गई है, जिससे स्थिति की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है.

Continues below advertisement

मां अलकनंदा नदी का पानी अब आवासीय क्षेत्रों के करीब तक पहुंचने लगा है. प्रशासन लगातार लोगों को सतर्क रहने, नदी किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील कर रहा है. जलस्तर लगातार बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंता भी बढ़ गई है.

रुद्रप्रयाग जनपद के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित

Continues below advertisement

लगातार हो रही बारिश को देखते हुए एहतियातन रुद्रप्रयाग जनपद के सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है, ताकि बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके. वहीं केदारनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं.

'INDIA अलायंस के लिए चेतावनी और...', ओवैसी के बयान पर यूपी AIMIM अध्यक्ष

भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा भी प्रभावित

केदारनाथ हाईवे के काकड़ा के पास पहाड़ी से भारी चट्टान टूटकर हाईवे पर आ गिरी, जिससे मार्ग बाधित हो गया. खराब मौसम और लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण केदारनाथ यात्रा भी प्रभावित हुई है और यात्रा संचालन पर अस्थायी ब्रेक लगाना पड़ा है.

भारी बारिश के बीच प्रशासन की यात्रियों से खास अपील

वहीं प्रशासन पुलिस, SDRF और संबंधित विभाग लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं. लोगों और यात्रियों से अपील की गई है कि बिना अत्यंत आवश्यक कारण यात्रा न करें तथा केवल प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचना और मौसम अपडेट के आधार पर ही आगे की योजना बनाएं.

लालकृष्ण आडवाणी जब रथ लेकर निकले..., चंदा चोरी पर बोले अखिलेश के चाचा