देहरादून, एबीपी गंगा। प्रदेश की राजधानी में रोडवेज की 30 बीघा भूमि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत अधिग्रहण को लेकर प्रदेश भर के रोडवेज कर्मचारी यूनियनों ने एक साथ लामबंद होकर सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान पूरे प्रदेश भर में तय कार्यक्रम के चलते 1 घंटे का सांकेतिक हड़ताल कर निगम की बसों का संचालन ठप करके सरकार के खिलाफ कर्मचारी यूनियन ने आने वाले समय में भूमि अधिग्रहण को लेकर बड़ा आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है।
बतादें कि स्मार्ट सिटी परियोजना को लेकर हरिद्वार रोड स्थित रोडवेज वर्कशॉप की 30 बीघा जमीन परिवहन सचिव द्वारा पिछले दिनों शहरी विकास मंत्रालय को स्थानांतरित कर दी गई है। वर्कशॉप भूमि अधिग्रहण के विरोध में लगातार रोडवेज कर्मचारी की सभी यूनियन एकजुट होकर राज्य सरकार के खिलाफ लामबंद नजर आ रहे हैं। इसी सिलसिले में रविवार को 1 घंटे अलग-अलग तरीके से सांकेतिक रूप में प्रदर्शन कर रोडवेज की बसों को भी बंद रखा गया।
रोडवेज कर्मचारी यूनियन की मांग है कि सरकार वर्कशॉप की अधिग्रहण भूमि जिसका वर्तमान में बाजारी मूल्य लगभग 300 करोड़ के आसपास है उसका मुआवजा देकर ही वर्कशॉप को अन्य स्थान पर स्थानांतरित करें इसके साथ ही कर्मचारियों की मांग है कि आईएसबीटी देहरादून का स्वामित्व, परिवहन निगम को प्रदान किया जाए।।
