बरेली, एबीपी गंगा। भगवान ही चमत्कार नहीं करते बल्कि धरती पर बैठा इंसान भी अब विज्ञान और तकनीक के जरिए चमत्कार कर सकता है और वो महिला से पुरुष और पुरुष से महिला भी बना सकता है। इसी का जीता जागता उदाहरण यूपी के बरेली में देखने को मिला जहां एक युवक अपना लिंग परिवर्तन करवाकर महिला बन गया। युवक ने दिल्ली में अपने हार्मोन्स चेंज करवाए और अपने लिंग की सर्जरी करवाकर कुदरत के लिखे को भी बदल दिया।
लड़कियों वाली थी फीलिंग
राजेश से सोनिया बनी रेलवे कर्मी का कहना है कि वो बचपन से ही लड़की बनना चाहती थी। उसके अंदर लड़कियों वाली ही फीलिंग थी। बड़े होने पर राजेश की शादी कर दी गई लेकिन उसने अपनी पत्नी को अपने बारे में बताया की वो लड़की है उसके अंदर लड़कों वाली कोई भी फीलिंग नहीं है। शादी के दो साल बाद ही दोनों में तलाक हो गया, जिसके बाद राजेश ने इंटरनेट पर देखा की लिंग परिवर्तन भी हो सकता है। राजेश दिल्ली गया और फिर उसने अपने लिंग की सर्जरी करवाई और हार्मोन्स के जरिये वो राजेश से सोनिया बन गई। राजेश अब महिला की तरह दिखता है, वो महिलाओ वाले कपडे पहनता है। राजेश अब सोनिया बनकर काफी खुश है।
नाराज हुए परिजन
राजेश ने बताया कि लिंग परिवर्तन का विचार जब परिवार के सदस्यों को बताया तो वे नाराज हो गए। मां व बहनें रूठ गईं। कोई दूसरा रास्ता न देख उसने लिंग परिवर्तन करा लिया। धीरे-धीरे सबकुछ ठीक हो गया। मां व बहनें भी मान गईं। अब परेशानी यह है कि मैं कहीं यात्रा करता हूं तो मेरे पास पहचान-पत्र पुरुष का है और चेहरा स्त्री का। इससे निजात पाने के लिए मैंने सर्विस रिकॉर्ड में नाम बदलने का आवेदन किया।
लिंग बदलवाने के बाद सहज हूं: राजेश
राजेश (सोनिया) ने बताया कि मैं एक ऐसा व्यक्ति हूं जिसकी आत्मा को एक गलत शरीर में डाल दिया गया। पारिवारिक दबाव में शादी की फिर पत्नी को सच्चाई बताई तो तलाक भी हो गया। मैंने बाद में सर्जरी करवा ली। यही सही था क्योंकि रोज-रोज घुटने से अच्छा था कि मैं लिंग बदलवा लूं। इसको दो साल बीत गए हैं और अब मैं सहज महसूस करती हूं। अब मुझे अपना अस्तित्व मिल गया।
सोनिया पांडेय रखा नाम
राजेश पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में मुख्य कारखाना प्रबंधक कार्यालय में तैनात है। पिता और बड़े भाई की मौत के बाद वह अनुकंपा के तहत 19 मार्च 2003 को रेलवे में भर्ती हुआ था। परिवार में चार बहनें और मां हैं। वर्ष 2017 में राजेश लिंग परिवर्तन कराकर महिला बन गया और नाम सोनिया पांडेय रख लिया है।
ये है अनोखा मामला
पूर्वोत्तर रेलवे गोरखपुर के महाप्रबंधक कार्यालय में इस तरह का ये एक अनोखा मामला सामने आया है। राजेश ने सरकारी अभिलेखों में अपना नाम और लिंग बदलवाने के लिए आवेदन किया है। सीएम सिटी गोरखपुर में अनोखा मामला सामने आने के बाद इलाके में यह चर्चा का विषय बना हुआ है। राजेश उर्फ सोनिया ने सबसे पहले मुख्य कारखाना कार्मिक प्रबंधक इज्जतनगर के सामने नाम और लिंग बदलने का आवेदन किया। रेलवे अधिकारियों के सामने जब मामला आया तो वो चौंक गए।
कानूनी पहलुओं को देखा जाएगा
इस संबंध में पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने बताया कि ये तकनीकी मामला है। इसके कानूनी पहलुओं को देखा जाएगा और राजेश के आवेदन पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। उनका कहना है की रेलवे में इस तरह का ये पहला मामला सामने आया है। फिलहाल इस मामले में जांच की जा रही है।