नई दिल्ली, एबीपी गंगा। क्रिकेट अनिश्चितताओं का खेल है और पाकिस्तान ने लगातार 11 हार के बाद दुनिया की नंबर वन टीम को हराकर इसे साबित भी किया है। सोमवार को अपने प्रदर्शन के बाद पाकिस्तान ने उसे अपने से कम आंकने वाली टीमों को चेतावनी भी दे दी है। क्रिकेट के सबसे बड़े टूर्नामेंट में इंग्लैंड को पाकिस्तान ने उसी की धरती पर 14 रन से हराकर अपने आलोचकों को भी करारा जवाब दे दिया।

पाकिस्तान ने पहले खेलते हुए मोहम्मद हफीज (84), बाबर आजम (63) और सरफराज अहमद की कप्तानी पारी (55) की बदौलत आठ विकेट के नुकसान पर 348 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा कर दिया। वहीं, जवाब में इंग्लैंड के जोए रूट (107) और जोस बटलर की शानदार 103 रनों की पारी के बावजूद 9 विकेट खोकर 334 रन ही बना पाई। मैच में रोचक बात रही कि पाकिस्तान की टीम ने बिना शतक जमाए वर्ल्ड कप का रिकॉर्ड स्कोर खड़ा किया तो वहीं दो-दो शतक के बावजूद इंग्लैंड ये मैच हार गई।

वर्ल्ड कप के सबसे बड़े स्कोर का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत खराब रही। 12 रन के स्कोर पर ही सलामी बल्लेबाज जेसन राय (08) शादाब की गेंद पर एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। वहीं, बेयरस्टो रियाज की गेंद पर विकेट के पीछे सरफराज को अपना कैच थमा बैठे। तीसरे नंबर पर आए जोए रूट ने पारी को संभाला, हालांकि दूसरे छोर पर उन्हें मजबूत साथी नहीं मिला। चौथे और पांचवें नंबर पर आए कप्तान इयोन मोर्गन और बेन स्टोक्स सस्ते में आउट हो गए। छठे नंबर पर आए बटलर ने रूट का साथ निभाया। दोनों खिलाड़ियों ने शतकीय पारी खेली, लेकिन दोनों शतक इंग्लैंड की टीम के काम नहीं आए।