वृंदावन के चेतन विहार स्थित संस्कृत गुरुकुलम में पढ़ने वाले चार बच्चों की हुई दर्दनाक मौत का मामले में बड़ी जानकारी सामने आई है. इन बच्चों की मौत गुरुकुल में पानी के टैंक की सफाई करने के दौरान हुई थी. मृतक छात्रों के परिजनों ने गुरुकुल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है.

Continues below advertisement

पुलिस ने गुरुकुल संचालक आशीष शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतक के परिजनों को चार-चार लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है. 

शिवपाल यादव का दावा, 'BJP सरकार की उल्टी गिनती शुरू, INDIA गठबंधन...'

Continues below advertisement

मामले की जांच के आदेश

जिला अधिकारी (DM) ने इस मामले की मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए थे. अब नगर मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा इस घटना से जुड़े सभी प्रशासनिक पहलुओं की जांच करेंगे. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार,  गुरुकुल बिना पंजीकरण के चल रहा था. ये भी सामने आया है कि मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण (MVDA)  से गुरुकुल का नक्शा पास नहीं कराया गया था, बल्कि इसमें नियमों की अनदेखी की गई थी. 

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, बुधवार को गुरुकुल परिसर में बने करीब 12 फीट गहरे भूमिगत पानी के टैंक (हौज) से बदबू आ रही थी. इसे साफ करने के लिए एक छात्र को उसमें उतारा गया, लेकिन उसकी कोई आवाज न आने पर दूसरे छात्र को टैंक में उतारा गया. इस तरह  5 छात्र टैंक में उतर गए. सभी छात्र जहरीली गैस की चपेट में आने से बेहोश हो गए. छात्रों को बेहोशी की हालत में तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 4 को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक बच्चे का इलाज जारी है.

मृत छात्रों की पहचान विशु शर्मा (मेरठ), देवांश (विदिशा, मप्र), मनु कटारा (गाटरपाड़ा, मप्र) और आर्यन पांडेय (कौशांबी) के रूप में हुई है. पुलिस ने मृत छात्र के परिजनों की शिकायत पर  गुरुकुल के संचालक आशीष शर्मा के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं के तहत का मुकदमा दर्ज किया है.

वृंदावन में बड़ा हादसा, गुरुकुलम के 4 बच्चों की मौत, टैंक की कर रहे थे सफाई