उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने एक ऐसा बयान दिया है जो काफी चर्चा में है. बांदा में आयोजित एक कार्यक्रम में बोलते हुए ओम प्रकाश राजभर ने अपने आपको सबसे बड़ा गुंडा बताया.
कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा," सुना है, बांदा में बहुत बड़ा गुंडा रहते हैं, तो जान लीजिए हमसे बड़ा गुंडा कोई नहीं. अगर कोई आंख दिखाने की कोशिश करेगा तो ओम प्रकाश राजभर उसकी दूसरी आंख निकालने की हैसियत रखता है."
राजभर आगे बोले- "जिसके यहां चाहे मुख्तार अंसारी हों, ब्रजेश सिंह हों, धनंजय सिंह हों या अभय सिंह जैसे लोग दरबार करते हैं, उससे बड़ा गुंडा भला के होई. हमसे बड़ा गुंडा पूरे देश में कोई नाहीं हौ."
यह भी पढ़ें: 'अखिलेश यादव से सर्टिफिकेट...', सपा मुखिया पर स्वामी प्रसाद मौर्य का पलटवार
जन अधिकारी रैली में शामिल होने पहुंचे थे
ओम प्रकाश राजभर दो नवंबर को बांदा में भागीदारी पार्टी की जन अधिकार रैली में शामिल होने पहुंचे थे और उन्होंने वहां ऐसा विवादित बयान दिया. रैली में उन्होंने इसके अलावा कहा कि हम चाहते हैं कि अपना झंडा, अपना डंडा और अपनी पार्टी के लिए आप काम करें. अगर कोई आपके पास आता है और अपना झंडा पकड़ने के लिए कहता है, तो उससे कह दो कि वह खुद आपका झंडा पकड़े है.इससे पहले नवीन मंडी स्थल पर ओम प्रकाश राजभर का भागीदारी पार्टी द्वारा स्वागत किया गया.
अपने बयानों से सुर्ख़ियों में रहते हैं राजभर
यहां बता दें कि ओम प्रकाश राजभर राजनीति में अक्सर विवादित बयानों से सुर्खियाँ बटोरते हैं. इन दिनों वे लगातार समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं और रोजाना ही अपने सोशल मीडिया हैंडल पर तंज कसने वाले पोस्ट करते हैं. ओम प्रकाश राजभर आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर प्रदेश के अलग-अलग इलाकों का दौरा करा जनसंपर्क बढ़ा रहे हैं, बांदा का दौरा भी उसी योजना का हिस्सा है. लेकिन अब जिस तरह से उन्होंने अपने आपको गुंडा कहकर संबोधित किया है, विरोधियो के निशाने पर आ सकते हैं.
यह भी पढ़ें: यूपी में दो IPS अधिकारियों के तबादले, संकल्प शर्मा को नोएडा में मिली बड़ी जिम्मेदारी
