गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में ताबड़तोड़ हत्‍या की वारदातों से सनसनी फैल गई है. बदमाशों ने मोबाइल पार्ट्स के व्‍यापारी की फिल्‍मी अंदाज में घर पर ही गोली मारकर हत्‍या कर दी. तीन बदमाश पहले व्‍यापारी के घर पहुंचे, उसके बाद घर पर पत्‍थर फेंकने लगे. इसके बाद प्रथम तल पर मोबाइल कारोबारी जैसे ही बालकनी से नीचे देखने लगे, घर के नीचे खड़े बदमाशों ने फायर कर दिया. बदमाशों ने तीन गोली चलाई और 30 वर्षीय व्‍यापारी वेद प्रकाश वहीं पर गिर गए. इसके बाद बदमाश बाइक से फरार हो गए.

हफ्ते भर पहले हुआ था विवाद शाहपुर थाना क्षेत्र के खरैया पोखरा में शुक्रवार की देर रात 11 बजे तीन बदमाशों ने व्यापारी वेद प्रकाश (30) को गोली मार दी. मृत व्‍यापारी के बड़े भाई मनोज कुमार चौधरी ने बताया कि वे हरैया में थे. वहां से पत्‍नी को कॉल कर बात कर रहे थे. इसी दौरान घर पर पत्‍थर फेंकने की आवाज उन्‍हें मोबाइल से सुनाई दी. उन्‍होंने खिड़की से पत्‍नी से बाहर देखने को कहा. इस बीच छोटा भाई वेद प्रकाश प्रथम तल पर जाकर नीचे देखने लगा. इस दौरान ही उन्‍हें पटाखे जैसी आवाज सुनाई दी. लेकिन, वो गोली की आवाज थी. उनके भाई की बदमाशों ने गोली माकर हत्‍या कर दी और फरार हो गए. उन्‍होंने बताया कि एक सप्‍ताह पहले उनके भाई का किसी से विवाद हुआ था.

फरार हुए बदमाश घरवालों के मुताबिक शुक्रवार की रात में 10 बजे भोजन करने के बाद वेद प्रकाश और उनकी पत्नी रेखा पहली मंजिल पर स्थित अपने कमरे में सोने चले गए. 11 बजे के आसपास उनके गेट पर किसी ने पथराव शुरू कर दिया. आवाज सुनकर वेद प्रकाश कमरे से बाहर निकले. रात में पथराव कौन कर रहा है. ये देखने के लिए गेट पर पहुंचे, तो घात लगाकर खड़े तीन बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. सिर, आंख और कान के पास गोली लगने से वेद जमीन पर गिरकर तड़पने लगे. गोली की आवाज सुनकर घरवाले बाहर आ गए. वारदात के बाद बदमाश फायर करते हुए फरार हो गए.

चार महीने पहले हुई थी शादी वेद प्रकाश के भाई मनोज का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं रही है. उन्‍होंने पुलिस को जिन युवकों से विवाद हुआ था उसके बारे में भी बताया है. उन्‍होंने कहा कि जल्‍द से जल्‍द वे चाहते हैं कि उनके भाई के कातिलों को पकड़ा जाए और ये पता चल सके कि आखिर उनकी हत्‍या क्‍यों की गई है. उन्‍होंने बताया कि हत्‍या को जिस तरह से अंजाम द‍िया गया है. नीचे से बदमाशों ने जिस तरह से सटीक निशाना लगाया है, उससे ये साफ है कि हत्‍या की घटना को शार्प शूटरों ने ही अंजाम दिया है. उन्‍होंने बताया कि उनके भाई की चार माहीने पहले ही दिसंबर माह में शादी हुई थी.

अत्‍याधुनिक पिस्‍टल या गन का हुआ इस्तेमाल फिल्‍मी अंदाज में जिस तरह से सड़क से प्रथम तल पर खड़े व्‍यापारी को गोली मारी गई है, इससे पुलिस का इस बात पर शक जा रहा है कि इस घटना को शार्प शूटरों ने अत्‍याधुनिक पिस्‍टल या गन से अंजाम दिया है. गोली चलने पर परिवार के लोग दौड़कर बाहर आए तो बाइक सवार बदमाश फायर करते हुए फरार हो गए. आनन-फानन में व्यापारी को लेकर परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंचे. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

पुलिस कर रही है जांच घटना की सूचना मिलने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार पी फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए. पुलिस सर्विलांस और सीसी टीवी कैमरे की मदद से जांच में जुट गई है. हत्या किसने और क्यों की, इसकी जांच पुलिस कर रही है. घटना की वजह स्पष्ट नहीं है. 30 वर्षीय वेद प्रकाश पहले दवा का कारोबार करते थे. घाटा होने के बाद वो मोबाइल पार्ट्स का थोक व्यापार करने लगे थे.

ये भी पढ़ें:

इटावा: खाई में पलटी डीसीएम, दर्दनाक हादसे में 10 की मौत, 4 से ज्यादा लोगों की हालत नाजुक