देहरादून, एबीपी गंगा। सूबे के सबसे बड़े अस्पताल दून मेडिकल कॉलेज के संविदा कर्मचारी लगातार दूसरे दिन अपना छह माह का वेतन और सेवा विस्तार की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार पर हैं साथ ही प्रदर्शन करते हुए सरकार और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। आंदोलनरत कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों को लेकर प्रशासन से कई बार वार्ता हुई लेकिन अभी तक कोई समाधान न होने की वजह से सभी आंदोलनरत कर्मियों को ये कदम उठाना पड़ा लेकिन अभी भी कॉलेज प्रबंधन की ओर से उनकी मांगों को लेकर कोई सकारात्मक परिणाम नहीं आया है।

संविदा कर्मियों को समय से वेतन नहीं मिलने की वजह से उनके परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। आर्थिक तंगी से परेशान होकर ये कदम उठाना पड़ रहा है अगर कर्मियों की मांगे नहीं मानी जाएंगी तो आनेवाले समय में उग्र प्रदर्शन करने को बाध्य होना पड़ेगा। वहीं अस्पताल के एमएस टम्टा का कहना है कि कर्मचारियों की वजह से कुछ दिक्कत जरूर हो रही है जिसके लिए प्राचार्य को पत्र लिखा है। उम्मीद है कि जल्द ही इनको तीन माह का वेतन रिलीज हो जाएगा। उसके बाद इनसे वार्ता कर काम पर लौटने को कहा जायेगा अगर ये टेक्नीशियन वापस काम पर लौटते हैं तो फिर से काम सुचारू रूप से चलने लगेगा।

वहीं प्रदर्शन की वजह से अस्पताल में आज ऑपरेशन बन्द है। लैब टेस्ट के लिए लोगों को मशक्कत करनी पड़ रही है। दूर दराज से आने वाले मरीजों की शिकायत है कि सुबह से सैम्पल देने के लिए लाइन लगे रहने के बाबजूद भी नंबर आने पर सेम्पलिंग बन्द हो गयी जिसकी वजह साफ है स्टाफ की कमी। हालांकि मरीजों को हो रही दिक्कत से निपटने के लिए अस्पताल के एमएस डॉ के के टम्टा का कहना है कि सेम्पलिंग और ओटी टेक्नीशियन की कमी दूर करने के लिए पैरामेडिकल कॉलेज से इंटर्न को बुलाया गया है साथ ही इन कर्मचारियों की समस्या का समाधान करने का प्रयास भी किया जा रहा है।