लखनऊ, एबीपी गंगा। बसपा सुप्रीमो मायावती ने प्रदेश संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए पूर्व राज्यसभा सांसद मुनकाद अली को उत्तर प्रदेश का पार्टी अध्यक्ष नियुक्त किया। वहीं, आरएस कुशवाहा को प्रदेश अध्यक्ष पद से हटाकर पार्टी के केंद्रीय यूनिट का महासचिव बनाया गया है। लोकसभा चुनाव परिणाम आने के बाद से ही संगठन में फेरबदल की उम्मीद लगाई जा रही थी।
श्याम सिंह यादव को बनाया गया लोकसभा में नेता सदन
बसपा सुप्रीमो ने लोकसभा में संसदीय दल के नेता को भी बदला है। लोकसभा में अब अमरोहा से सांसद दानिश अली की जगह जौनपुर से सांसद श्याम सिंह यादव संसदीय दल के नेता बनाये गए हैं। इसके अलावा अंबेडकरनगर से सांसद रितेश पांडेय को लोकसभा का डिप्टी लीडर और सांसद गिरीश चंद्र जाटव को लोकसभा में चीफ व्हिप बनाया गया है। पार्टी की तरफ से जारी प्रेस रिलीज में बताया गया की ये बदलाव पार्टी और मूवमेंट के हित में किये गए हैं।
सप-बसपा के बीच हुआ था गठबंधन
बता दें कि 2019 के लोकसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने समाजवादी पार्टी के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था। इस लोकसभा चुना में बहुजन समाज पार्टी को उत्तर प्रदेश की 80 में से 10 सीटों और समाजवादी पार्टी को पांच सीटों पर जीत मिली थी। लोकसभा चुनाव में दोनों पार्टियों को संतोषजनक नतीजे नहीं मिलने के बाद यह गठबंधन खत्म हो गया था।
मोदी सरकार का किया समर्थन
बहुजन समाज पार्टी में ताजा फेरबदल उस समय देखने को मिला है, जब मोदी सरकार ने जम्मू-कश्मीर के विशेष राज्य का दर्जा खत्म कर दिया था। बीएसपी अध्यक्ष मायावती ने भी इस मसले पर मोदी सरकार का समर्थन किया था। साथ ही मायावती ने उम्मीद जताई थी कि मोदी सरकार के इस फैसला का फायदा जम्मू-कश्मीर की स्थानीय जनता को मिलेगा।
