महोबा के पाठा गांव में रूह कपा देने वाली वारदात सामने आई है. यहां ट्रैक्टर किराए पर चलाने की आपसी रंजिश में एक दबंग ने सो रहे 10वीं के छात्र पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उसे मौत के घाट उतार दिया. मृतक के पिता का आरोप है कि उसकी मेहनत और काम की सफलता से जलकर आरोपी जगभान यादव ने इस जघन्य हत्याकांड को अंजाम दिया है. फिलहाल पुलिस मामले में कार्रवाई करते हुए फरार आरोपी की तलाश में जुट गई है.
दरअसल, घटना की शुरुआत तब हुई जब निखिल के पिता धीरज अहिरवार गांव के ही रामप्रसाद अहिरवार के खेत में थ्रेसर से फसल की मड़ाई कर रहे थे. धीरज का थ्रेसिंग का काम इलाके में काफी नाम कमा रहा था और उनका ट्रैक्टर अक्सर किराए पर चलता रहता था. बस यही बात गांव में रहने के ही जगभान यादव को खटक रही थी.
धीरज ने गांव के ही व्यक्ति पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के पिता धीरज का आरोप है कि जगभान का ट्रैक्टर कम चलता था, जिससे वह अक्सर ईर्ष्या और रंजिश रखता था. बीती सोमवार रात के अंधेरे में जब धीरज दूसरे ढेर की कतराई की तैयारी कर रहे थे, तभी खाना लेकर आया उनका बेटा निखिल पास में ही जमीन पर सो गया.
ट्रैक्टर से कुचलकर उतारा मौत के घाट
जानकारी के मुताबिक, इसी दौरान आरोपी जगभान वहां पहुंचा और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए विवाद शुरू कर दिया. उसने धीरज को अपमानित करते हुए कहा कि तू बहुत दबंगई से ट्रैक्टर चलाता है. आरोप है कि विवाद इतना बढ़ा कि ईर्ष्या की आग में अंधे हुए जगभान ने आव देखा न ताव, और पास में ही सो रहे मासूम निखिल के ऊपर बेरहमी से ट्रैक्टर चढ़ा दिया. पहिए के नीचे दबकर निखिल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई.
मृतक के चाचा राममनोहर ने कहा कि एक पिता की आंखों के सामने ही उसका इकलौता सहारा छिन गया. वहीं, वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गया. पीड़ित पिता ने खरेला थाने में तहरीर दी है. उनका कहना है कि बढ़ती तरक्की और किराए पर ट्रैक्टर अधिक चलने की जलन से ही जगभान ने निखिल की हत्या की है.
मामले में क्या बोले अधिकारी?
बहरहाल, इस मामले में खरेला थाना प्रभारी नन्हे लाल यादव ने बताया कि बीती रात घटित इस मामले को लेकर मृतक के दादा ने एक्सीडेंट होने की तहरीर दी थी जिसके आधार पर मुकदमा लिखा गया है. पिता के बयानों और मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले में धाराएं बढ़ाए जाने की बात कही जा रही है. अभी आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है, लेकिन इस वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है.
