उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) होम गार्ड के परिक्षा के प्रश्नपत्र को लेकर धोखाधड़ी और ठगी का मामला सामने आया है. लखनऊ के हुसैनगंज थाना क्षेत्र में इसको लेकर एक FIR दर्ज की गई है. यह FIR पुलिस भर्ती बोर्ड के इंस्पेक्टर राजेश कुमार उपाध्याय ने दर्ज करवाई है. उनका आरोप है कि कुछ लोग टेलीग्राम चैनल के जरिए लोगों को मैसेज कर रहे हैं कि वो होम गार्ड के परिक्षा के प्रश्नपत्र देंगे. इसके बदले वो लोगों से पैसे वसूल कर रहे हैं. 

राजेश कुमार ने FIR में बताया कि  टेलीग्राम चैनल एग्जाम पेपर वाला (EXAM PAPER WALLAH) और पेपर माफिया (PAPER_MAFIAY) के जरिए  कुछ लोग छात्रों को मैसेज कर प्रश्नपत्र देने के नाम पर पैसे ऐंठ रहे हैं. लोगों से  प्रश्नपत्र देने के नाम पर QR कोड के जरिए पैसे मांगे जा रहे हैं. गौर हो कि होम गार्ड की परिक्षा की तारीख  25, 26 और 27 अप्रैल 2026 है. 

क्या मामला है?

इंस्पेक्टर राजेश ने बताया कि ये लोग यह मैसेज कर रहे हैं कि उनके पास होम गार्ड की  भर्ती परीक्षा का असली प्रश्नपत्र पहले से है, जबकि ये दावे पूरी तरह से फर्जी थे. ठगों ने लोगों को प्रश्नपत्र देने का लालच दिया और दावा किया कि यदि छात्र उन्हें पैसे देंगे तो वह होम गार्ड के परिक्षा का प्रश्नपत्र देंगे.  इसके लिए ठगों ने QR कोड भेजकर भुगतान करने की मांग की. 

शिकायत के अनुसार, वास्तव में  होम गार्ड के परिक्षा का प्रश्नपत्र होने का दावा पूरी तरह फर्जी है जिसका मकसद पैसे ऐंठना है.  परीक्षा का पेप लीक नहीं हुआ है. अब पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और धोखाधड़ी, साइबर अपराध और परीक्षा में नकल या गड़बड़ी से जुड़े कानून के तहत मामला दर्ज किया  है. इसके साथ ही लोगों से इस तरह के किसी पेपर लीक मैसेज या दावों से बचकर रहने की सलाह दी है और अगर ऐसा कोई संदेश मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करने के लिए कहा गया है.