नोएडा, एबीपी न्यूज। लोकसभा चुनाव 2019 के चुनावी रण की पहली अग्निपरीक्षा में कौन बाजी मारेगा, इसका फैसला जनता करेगी। हालांकि, तमाम राजनीतिक दल सत्ता के ताले की चाभी हासिल करने की कोई भी कसर नहीं छोड़ रहे हैं। 11 अप्रैल को यूपी के आठ और उत्तराखंड की सभी पांचों लोकसभा सीटों पर मतदान हुआ।
मतदान के दौरान नोएडा में खुलेआम आचार संहिता के उल्लंघन का मामला देखने को मिला। नोएडा के सेक्टर 15ए क्लब पोलिंग बूथ पर आचार संहिता की खुलेआम धज्जियां उड़ाई गईं। दरअसल, पोलिंग के दौरान यहां नमो फूट पैकेट बंटवाया गया। ये फूड पैकेट बांटने वाला कोई और नहीं बल्कि खुद पुलिसवाले थे। पोलिंग बूथ पर नमो फूड पैकेट बंटवाने का आरोप बीजेपी प्रत्याशी पर लगा है।
मामला सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने इसका संज्ञान लिया है। बताया जा रहा है कि पोलिंग बूथ पर तैनात पुलिसकर्मी नमो फूड पैकेज एक गाड़ी में लेकर आए, लेकिन मीडिया को देख गाड़ी आगे बढ़ गई। मामले के सामने आने के बाद चुनाव आयोग ने सफाई देते हुए बताया कि इन फूड पैकेज को भेजने वाले रेस्टोरेंट का नाम ही ‘नमो फूड्स’ है।
गलत सूचना फैलाई जा रही: SSP
इस बीच मामले पर गौतम बुद्धनगर के एसएसपी वैभव कृष्ण ने कहा कि गलत तरीके से सूचना फैलाई जा रही है कि पुलिसकर्मियों को एक राजनीतिक पार्टी से फूड पैकेट वितरित किए हैं, जो कि बिल्कुल गलत है। उन्होंने बताया कि कुछ फूड पैकेट नमो फूड शॉप से खरीदे गए थे, न कि किसी राजनीतिक पार्टी से।
