नई दिल्ली, एबीपी गंगा। लोकसभा चुनाव 2019 का आगाज हो चुका है। पहले चरण में उत्तर प्रदेश की आठ और उत्तराखंड की सभी पांचों सीटों पर मतदान हो रहा है। सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। पश्चिमी यूपी की जिन आठ सीटों पर मतदान हो रहा है, उसमें सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर शामिल हैं। जबकि उत्तराखंड की सभी पांच लोकसभा सीटें पौड़ी, अल्मोड़ा, नैनीताल, हरिद्वार और टिहरी में मतदान हो रहा है।

सुबह 11 बजे तक मतदान फीसदी

सुबह 11 बजे तक सहारनपुर में 25.60%, कैराना 24%, मुजफ्फरनगर 26.40%, मेरठ 21.80%, बिजनौर 25.10%, बागपत 25%, गाजियाबाद 22.40% और गौतमबुद्धनगर 24.24% मतदान हुआ है। जबकि उत्‍तराखंड की सभी पांच सीटों पर 11 बजे तक 23.78 फीसदी वोट पड़े हैं।

पोलिंग बूथ पर बांटा गया नमो फूट पैकेट

मतदान के बीच नोएडा में नमो फूड पैकेट बांटने का मामला सामने आया। इस मामले में जिलाधिकारी ने रिपोर्ट मांगी है। नोएडा सेक्टर-15 ए बूथ पर पुलिस ने नमो फूट पैकेट बांटे थे। आदर्श चुनाव आचार संहिता के तहत प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी एल. वेंकटेश्वर लू ने मामले का लिया संज्ञान लिया है।

धर्म के आधार पर फर्जी वोटिंग : बालियान वहीं,  मुजफ्फरनगर से बीजेपी प्रत्याशी संजीव बालियान ने आरोप लगाया है कि धर्म के आधार पर फर्जी वोटिंग हो रही है। उन्होंने कहा, 'ये मेरा गंभीर आरोप है, गंभीर सवाल है। धर्म विशेष की महिलाओं के चेहरे आई कार्ड से नहीं मिलाए जा रहे हैं। मैं 50 बूथ पर खुद देखकर आया हूं। कहीं भी फोटो से चेहरा नहीं मिलाया जा रहा है। जहां भी ये हो रहा है वहां वोटिंग परसेंटेज हाई है। सिस्टम में कुछ न कुछ बहुत बड़ी गड़बड़ है।' हालांकि चुनाव आयोग ने बालियान के आरोप का खंडन किया है।वेंकटेश्वर लू ने कहा इस तरह का बयान भ्रम फैलाने वाला है, इसमें कोई सचाई नहीं है।

रावत और निशंक ने डाला वोट

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने देहरादून में डिफेंस कॉलोनी में अपने परिवार के साथ वोट डाला। राज्य के पूर्व सीएम और हरिद्वार से बीजेपी प्रत्याशी रमेश पोखरियाल निशंक ने भी देहरादून के बूथ पर वोट डाला। आज आपको देश पुकार रहा है! इस बीच यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और सपा के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ट्वीट कर लोगों से वोट करने की अपील की हैं। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'आज ‘महापरिवर्तन’ की प्रक्रिया का पहला चरण है। इस दिन को ऐतिहासिक बनाने के लिए उन सबको घर से बाहर आकर अपना अधिकार इस्तेमाल करना चाहिए, जो अपने देश और अपने परिवार के भविष्य के लिए स्वस्थ लोकतंत्र, सशक्त संविधान और भाईचारे को बचाये-बनाये रखना चाहते हैं। आज आपको देश पुकार रहा है!