गोरखपुर, एबीपी गंगा: गोरखधाम एक्सप्रेस में जल्द ही बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। पूर्वोत्तर रेलवे के प्रमुख मुख्य वाणिज्य प्रबंधक पीसीसीएम आलोक सिंह ने जनरल और चेयरकार के यात्रियों से फीडबैक लेकर उनकी समस्याएं सुनीं और सुझाव भी मांगा। इस पूरी कवायद के बाद प्रशासनिक स्तर पर दो चेयर कार की जगह दो जनरल कोच बढ़ाने पर मंथन तेज हो गया है। माना जा रहा है कि बोगी बढ़ाने पर भी फैसला जल्द हो सकता है।
फिलहाल, पीसीसीएम दो चेयरकार हटने और दो जनरल बोगी बढ़ने की स्थिति पर समीक्षा स्वयं कर रहे हैं। जानकारों का कहना है कि जनरल और चेयरकार के किराए में ज्यादा अंतर नहीं है। जनरल का किराया 225 है और चेयरकार का 245 रुपये। चेयरकार में 220 लोग ही बैठ पाते हैं वहीं जनरल कोच में 350 से 400 तक यात्री आराम से बैठ जाएंगे।
सुविधा का रखा जाएगा ध्यान
गौरतलब है कि प्रतीक्षा सूची के यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने दो जोड़ी एक्सप्रेस ट्रेनों में विभिन्न तिथियों और स्टेशनों से अतिरिक्त कोच लगाने का निर्णय लिया है। सीपीआरओ संजय यादव के अनुसार 15004 चौरीचौरा एक्सप्रेस में 13 अप्रैल को गोरखपुर से तथा 15065 गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस में 12 अप्रैल को शयनयान श्रेणी के एक-एक अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
