Sawan Kanwar Yatra 2022: श्रावण मास का पावन महीना जारी है. हर कोई शिव की भक्ति में डूबा नजर आ रहा है. रोजाना भोले बाबा के अनोखे भक्त पवित्र गंगा जल लेकर निकल रहे हैं. इस बीच शामली में कलयुग का श्रवण कुमार लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा. बुजुर्ग माता पिता को कंधे पर पालकी में बिठाकर बेटा मोनू कांवड़ यात्रा के लिए निकला. शामली पहुंचने पर माता पिता के प्रति कांवड़िए बेटे की भक्ति को लोगों ने नमन किया.
कांवड़िया कलयुग का श्रवण कुमार बना
आपको बता दें कि श्रावण महीने में भगवान शिव की कृपा पाने के लिए हरिद्वार से पवित्र गंगा जल लेकर कांवड़िए निकले हैं. इस दौरान एक से बढ़कर एक शिव भक्त कांवड़िए नजर आ रहे हैं. सोमवार को पानीपत निवासी एक कांवड़िए में शिव की भक्ति के साथ साथ माता पिता के प्रति असीम श्रद्धा भी दिखाई दी. शिव भक्त कांवड़िया बुजुर्ग माता पिता की पालकी को कंधे पर उठाए हरिद्वार से शामली पहुंचा. कलयुग के श्रवण कुमार बने कांवड़िए ने बताया कि भगवान शिव के साथ साथ माता पिता की सेवा और भक्ति करता है.
Watch: सावन के दूसरे सोमवार को हरिद्वार में उमड़ी कांवड़ियों की भीड़, 'बम बम भोले' से गूंज उठी धर्मनगरी
जीवन में माता-पिता ही साक्षात भगवान
पूर्व में भी करीब 2 बार बुजुर्ग माता पिता को हरिद्वार से पालकी में कंधे पर बिठाकर ला चुका है. ऐसे ही हर साल भगवान शिव का जलाभिषेक करता है. शिव भक्त कांवड़िए का कहना है कि जीवन में माता पिता ही साक्षात भगवान हैं और माता पिता की सेवा से ही भगवान प्रसन्न होते हैं. इसलिए प्रत्येक शख्स को भगवान की भक्ति के साथ साथ माता पिता की सेवा जरूर करनी चाहिए. इस दौरान कलयुग का श्रवण कुमार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना रहा.
