कन्नौज में मानव तस्करी से मचा हड़कंप, 11 साल की बच्ची के अपहरण से रैकेट का भंडाफोड़
Kannauj News: यूपी के कन्नौज में इंसानों की तस्करी से इलाके में हड़कंप मच गया है, इस पूरे गिरोह का भंडाफोड़ एक बच्ची के अपहरण से हुआ है. इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्कार किया है.

उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मानव तस्करी से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है. आरोप है कि एक संगठित गिरोह लंबे समय से गरीब और असहाय परिवारों को झूठे लालच में फंसाकर बच्चियों की तस्करी कर रहा था. इस पूरे नेटवर्क का खुलासा एक पीड़ित पिता ने किया, जिसकी 11 साल की बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाया गया था.
पूरा मामला सदर कोतवाली क्षेत्र की काशीराम कॉलोनी से जुड़ा है. यहां रहने वाले मोहम्मद जहीर उर्फ छोटे, पुत्र मोहम्मद हलीम, ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाला फारुख नामक व्यक्ति बच्चियों की तस्करी का काम करता है. फारुख ने मोहम्मद जहीर को झांसे में लेते हुए वादा किया कि अगर वह अपनी बेटी उसे सौंप देता है तो उसे बदले में भारी रकम, जमीन और गाड़ी मिलेगी. शुरुआत में मोहम्मद जहीर इस लालच में आ गया, लेकिन बाद में जब उसे असली मंशा का अंदाज़ा हुआ, तो उसने पुलिस से संपर्क किया.
पीड़ित ने किया चौंकाने वाला खुलासा
पीड़ित पिता ने बताया कि फारुख न सिर्फ उनकी बेटी को ले गया, बल्कि उसे देश के बड़े शहरों में बेचने की फिराक में था. मामला सामने आने के बाद कन्नौज पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. साथ ही, 11 साल की बच्ची को भी सकुशल बरामद कर लिया गया है.
फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की कोशिश कर रही है. यह भी जांच की जा रही है कि आखिर इतने दिनों तक यह गिरोह कैसे सक्रिय रहा और पुलिस की नज़र में क्यों नहीं आया. इस घटना ने जिलेभर में चिंता और गुस्से का माहौल बना दिया है. लोगों के मन में यह सवाल उठ रहे हैं कि अगर एक संगठित तस्करी गिरोह इतने लंबे समय से काम कर रहा था, तो प्रशासन और खुफिया तंत्र इसकी भनक तक क्यों नहीं लगा सका?
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
इस बीच कन्नौज के पुलिस अधीक्षक (SP) विनोद कुमार से संपर्क की कई कोशिशें की गईं, लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. पुलिस तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से दो नाबालिग लड़कियों को बरामद किया किया है.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी हो सकती है. यह भी आशंका जताई जा रही है कि यह नेटवर्क केवल कन्नौज तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके तार अन्य जिलों और शहरों से भी जुड़े हो सकते हैं.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL






















