यूपी के हरदोई जनपद में पिहानी थाना क्षेत्र के समथरी गांव में रविवार (7 सितंबर) की शाम जमीनी रंजिश और खेत के एग्रीमेंट को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. विवाद इतना बढ़ा कि लाठी-डंडों और चाकू से हमला हुआ, जिसमें अतुल सिंह (पुत्र कमलेश सिंह) गंभीर रूप से घायल हो गए. परिजनों ने उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी. जिसके बाद परिजनों में कोहराम मच गया.
मुख्य आरोपी अंबरीश सिंह (पुत्र महेश पाल सिंह) भी घायल हुआ, लेकिन वह मौके से फरार हो गया. पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
जमीनी रंजिश ने ली जान
पुलिस के मुताबिक अतुल सिंह और अंबरीश सिंह के बीच पुरानी जमीनी रंजिश और खेत के एग्रीमेंट को लेकर विवाद चल रहा था. बताया जाता है कि अतुल सिंह पिछले तीन महीने से लुधियाना में मजदूरी कर रहा था और दो-तीन दिन पहले ही गांव लौटा था. रविवार शाम को मौसी की प्रॉपर्टी और पैसे के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हुई, जो जल्द ही मारपीट में बदल गई. इसी दौरान अंबरीश सिंह ने चाकू से हमला कर अतुल सिंह को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था, जिसमें गोलियां तक चल चुकी थीं. रविवार की घटना में अंबरीश सिंह ने चाकू से हमला किया, जिससे अतुल सिंह लहूलुहान हो गए. घटना में अंबरीश भी घायल हुआ, लेकिन वह मौके से भाग निकला.
पुलिस की कार्रवाई और तनाव
घटना की सूचना मिलते ही पिहानी कोतवाल छोटेलाल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर अंबरीश सिंह की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है. पुलिस क्षेत्राधिकारी अजीत चौहान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
क्षेत्र में तनाव का माहौल
इस हत्याकांड के बाद समथरी गांव में तनाव का माहौल है. ग्रामीणों ने पुलिस से फरार आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस ने गांव में शांति बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो.