Greater Noida Police: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा (Greater Noida) में रंगदारी का मामला सामने आया है. इस मामले में तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है. बाकी दो आरोपियों की भी तलाश की जा रही है. इस मामले में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जल्द ही और भी कई तथ्य भी सामने आ सकते हैं. 

दरअसल, ये मामला ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक तीन कोतवाली क्षेत्र का है. जहां पर स्थित एक कंपनी से निकलने वाले स्क्रैप को कब्जाने और रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है. पुलिस ने सीसीटीवी के आधार पर केस की जांच शुरू की जिसमें स्कूटी के नंबर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई और पुलिस ने एक आरोपी तरुण को गिरफ्तार कर लिया है. 

रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक आरोपी तरुण गाजियाबाद में रह रहा था. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है. कोतवाली में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक गाजियाबाद के रहने वाले मनीष कुमार स्क्रैप का कारोबार करते हैं. जुलाई 2021 में ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 स्थित एक कंपनी से जब उनके लोग स्क्रैप लेकर निकले तो रास्ते में रवि, राजकुमार और तरुण नाम के आरोपियों ने उन्हें रोक लिया. इस दौरान इन बदमाशों ने उनसे रंगदारी मांगी. जब ये लोग आगे पढ़े तो उन्होंने एक स्कूटी से उनकी पीछा भी किया और रंगदारी नहीं देने पर धमकी दी गई.

इस मामले में एडीसीपी सेंट्रल नोएडा विशाल पांडेय का कहना है कि शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है. एक आरोपी तरुण को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस द्वारा अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं, जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी. 

ये भी पढ़ें- Watch: सीएम योगी के साथ फोटो खिंचवाने के लिए मोहसिन रजा ने मंत्रियों को दिया धक्का, वीडियो वायरल