मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में रविवार को गोरखपुर के एनेक्सी भवन सभागार में हुई विकास परियोजनाओं की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित पांच अधिकारियों के खिलाफ मंडलायुक्त अनिल ढींगरा ने कड़ा एक्शन लिया है. मंडलायुक्त ने इन अनुपस्थित अधिकारियों का एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया है. इसके साथ ही इनके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई के लिए शासन को पत्र भेजा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की समीक्षा बैठक में अनुपस्थित जिन अधिकारियों के खिलाफ मंडलायुक्त ने कार्रवाई की है. उनमें सीएंडडीएस यूनिट 14, 19 और 42 (तीनों यूनिट) के परियोजना प्रबंधकगण, उत्तर प्रदेश राज्य निर्माण सहकारी संघ (यूपीआरएनएसएस)-प्रथम के अधिशासी अभियंता और बीआरडी मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डा. रामकुमार जायसवाल शामिल हैं. समीक्षा बैठक और मुख्यमंत्री के जाने के बाद मंडलायुक्त ने अनुपस्थित अफसरों के खिलाफ एक दिन का वेतन रोकने का आदेश जारी किया. इन अफसरों के खिलाफ शासन को भी पत्र लिखा है.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एनेक्सी भवन सभागार जनपद के रूपये 10 करोड़ से अधिक लागत के निर्माण कार्यो/विकास कार्यों की समीक्षा बैठक करते हुए निर्देश दिया कि जेई/एईएस तथा डेंगू से बचाव में लिए जागरूकता अभियान चलाया जाए. उन्होंने कहा कि स्वच्छता के लिये नगर निगम, गोरखपुर विकास प्राधिकरण एवं नगर निकाय द्वारा सफाई के विशेष अभियान चलाये जाए. मुख्यमंत्री ने बाल वाटिकाओं के निर्माण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि जनप्रतिनिधियों को बाल वाटिकाओं का भ्रमण कराया जाए.

मुख्यमंत्री ने समीक्षा बैठक के दौरान प्राईवेट एम्बुलेन्स पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित रक्तदाताओं पर भी निगरानी की जाए. उन्होंने कहा कि बेसिक शिक्षा अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि बेसिक शिक्षा परिषद के सभी विद्यालयों में बच्चे अनिवार्य रूप ड्रेस में मिलें. उन्होंने अमृत योजना 2.0 के अर्न्तगत सीवर निर्माण के कार्यो की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि एसटीपी का निर्माण करने वाली संस्था को 10 वर्षों तक का संचालन करने का प्रस्ताव भी भेजें. 

उन्होंने जनपद में ट्रैफिक की समस्या के समाधान करने का निर्देश देते हुए कहा कि कहीं भी जाम की समस्या न आने पाए. मुख्यमंत्री जी ने कहा कि सभी निर्माण कार्यों के लिए नोडल अधिकारी तैनात किये जाएं, जो कार्यों की प्रगति/गुणवत्ता की नियमित जांच कर अपनी रिपोर्ट दें. जिलाधिकरी निर्माण कार्यो की प्रगति की साप्ताहिक/पाक्षिक/मासिक समीक्षा भी करें. उन्होंने कहा कि मण्डलायुक्त मण्डल तथा जिलाधिकारी जिले के सभी विभागों के मध्य समन्वय बनाएं. मुख्यमंत्री ने कहा कि जो भी प्रोजेक्ट में पेड़ काटे जा रहे हैं. उनके किनारे ट्रीगार्ड के साथ पेड़ अवश्य लगाए जाएं. उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट में जनता का पैसा लगाता है. उसका सदुपयोग किया जाए. सभी विभाग अपने कार्यो की नियमित निगरानी कर कार्यों को समयबद्व ढंग से पूर्ण करायें अन्यथा जवाबदेही तय की जाएगी. उन्होंने कहा कि स्ट्रीट वेंडरों को व्यवस्थित किया जाए.

बाढ़ से बचाव की तैयारियों की समीक्षा

मुख्यमंत्री ने बाढ़ से बचाव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि सभी तैयारियां पूर्ण रखी जाए और कन्ट्रोल रूम को एक्टिव रखेे. उन्होंने जनपद में निर्माणाधीन पुलो की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्य में तेजी लाकर गुणवत्ता के साथ ससमय पूर्ण करने का निर्देश दिया. महिला पीएसी के भवन निर्माण की प्रगति की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिया कि कार्य की प्रगति को मौके पर जाकर जांच करें, प्रगति धीमी रहने पर कड़ी कार्यवाही करे. उन्होंने विरासत गलियारा, पिपराईच असुरन के निर्माण की समीक्षा करते हुए कहा कि जो भी रजिस्ट्री अवशेष है उसे जल्द से जल्द पूर्ण कराया जाएं.

Gorakhpur News: डीडीयू का 44वां दीक्षांत समारोह आज, पदक पाने वाले 75 मेधावियों में 56 छात्राएं

मुख्यमंत्री ने भटहट बांसस्थान, देवरिया बाईपास की निर्माण की समीक्षा करते हुये कार्यों में तेजी लाकर शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश दिया. बैठक के दौरान मुख्यमत्री जी ने लोनिवि (एनएच), यूपी राजकीय निर्माण निगम, एनएचएआई तथा अन्य सम्बंधित विभागों की बिन्दुवार निर्माणाधीन कार्यों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि सभी निर्माणाधीन कार्यों को यथाशीघ्र समय सीमा के अन्तर्गत पूर्ण करें. उन्होंने नौसड़ से पैडलेगंज 6 लेन, जिला जेल बाईपास, एचएन सिंह चौराहे से गोरखनाथ मन्दिर तक 2/4 लेन सड़क का निर्माण, आदि की समीक्षा करते हुये कार्यों में तेजी लाने का निर्देश दिया.

बैठक में केन्द्रीय ग्रामीण राज्य विकास मंत्री भारत सरकार कमलेश पासवान, सदर सांसद रवि किशन शुक्ला, महापौर डा. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायकगण विपिन सिंह, प्रदीप शुक्ला, इं. सरवन निषाद, डा. विमलेश पासवान, महेन्द्र पाल सिंह, राजेश त्रिपाठी, विधान परिषद के सदस्य डा. धर्मेन्द्र सिंह, सीपी चन्द्र, सहित वरिष्ठ अधिकारीगण व सम्बधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे.