नई दिल्ली, एबीपी गंगा। अयोध्या विवादित भूमि मामले में सुप्रीम कोर्ट से जल्द सुनवाई की मांग की गई है। मामले में पक्षकार गोपाल सिंह विशारद ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। गोपाल सिंह का कहना है कि मध्यस्थता से विवाद का समाधान होता नहीं दिख रहा है। मध्यस्थता में कोई खास प्रगति नहीं हो रही है। वहीं अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए इस पर विचार करने को कहा है। इस दौरान कोर्ट ने पक्षकार गोपाल सिंह विशारद से मामले की सुनवाई के लिए आवश्यक आवेदन दायर करने के लिए कहा

बतादें कि 10 मई को सुनवाई के दौरान अदालत ने मध्यस्थों को 15 अगस्त तक मध्यस्थता पूरी करने का निर्देश दिया था। न्यायाधीश एफ एम आई कलीफुल्ला की अध्यक्षता में गठित मध्यस्थता समिति ने अपनी रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें मध्यस्थता के लिए और 15 अगस्त तक का समय देने की मांग की गई थी। कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में सकारात्मक मध्यस्थता होने की बात कही थी। मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली पांच सदस्यीय संविधान पीठ ने कहा था कि उसे न्यायमूर्ति कलीफुल्ला मध्यस्थता समिति की रिपोर्ट मिली है और उसने अपनी कार्यवाही पूरी करने के लिये 15 अगस्त तक का समय देने का अनुरोध किया है। गौरतलब है कि मुख्य न्यायाधीश रंजन गोगोई की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की तीन-न्यायाधीशों की पीठ मामले की सुनवाई कर रही है।