गाजीपुरः उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में मामूली विवाद में ग्राम विकास अधिकारी की मारपीट में हत्या कर दी गई है. जिससे कि इलाके में सनसनी फैल गई है. बताया जा रहा है कि एक ग्राम विकास अधिकारी गाजीपुर के कालिका ढाबे में अपना जन्मदिन मनाने गया था. जहां मामूली विवाद क चलते ढाबा संचालकों ने मारपीट कर उसकी हत्या कर दी. फिलहाल मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ढाबे के मालिक, मैनेजर और दो अन्य कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है.

मामले में बताया जा रहा है कि 32 वर्षीय विजय प्रताप, जौनपुर जनपद में चन्दवक में ग्राम विकास अधिकारी के पद पर तैनात था. विजय प्रताप गाजीपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के गोराबाजार के रहने वाले थे. बुधवार को उनका जन्मदिन था और वो अपने घर आये थे.

ढाबा संचालकों ने की हत्या

विजय अपने भाइयों और कुछ दोस्तों के साथ अपना जन्मदिन मनाने कालिका ढाबा पहुंचे थे. जहां किसी बात को लेकर उनका ढाबा के मालिक और मैनेजर से विवाद हो गया. इसके बाद ढाबा के मालिक, मैनेजर और वहां के कर्मचारियों ने विजय प्रताप और उनके साथियों पर हमला कर दिया. जिसमें काफी बुरी तरह से घायल होने के कारण विजय प्रताप की मौत हो गई.

बुरी तरह से मारा गया

एसपी ने खुद इस बात को स्वीकार किया कि मौके से टूटी बोतलें बरामद हुईं हैं और आशंका है कि इन्हीं बोतलों से इन लोगों पर हमला किया गया होगा. वहीं, मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम को भी मौके से एक लकड़ी का लट्ठ मिला है. जिसपर खून के धब्बे लगे हुए हैं और ढाबे के बाहर भी जगह-जगह खून के निशान पाये गये हैं, जो इस बात की ओर इशारा करते हैं कि ग्राम विकास अधिकारी और उनके साथियों के साथ बुरी तरह से मारपीट की गयी है.

घायल होने के बाद विजय प्रताप और गंभीर से रूप से घायल उनके दोस्त सोमनाथ को वाराणसी के ट्रामा सेंटर ले जाया गया. जहां विजय प्रताप की मौत हो गयी जबकि सोमनाथ का इलाज चल रहा है. मामले में घरवालों की नामजद तहरीर पर कालिका ढाबा के मालिक, मैनेजर और दो अन्य कर्मचारियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है.

इसे भी पढ़ेंःEVM हैकिंग से जुड़ी फर्जी खबर को लेकर चुनाव आयोग सख्त, दर्ज कराई FIR

सीएम ममता बनर्जी के पास कितनी है संपत्ति? चुनावी हलफनामे में बताया