पति को सता रहा था मौत का डर, इश्क के चक्कर में पत्नी की प्रेमी से कराई शादी, फिर दर्ज हुई FIR
Ghazipur News: पूजा ने रोहित को दवा लाने भेजा और इस दौरान पिंटू को बुलाकर पास के खेत में चली गई. गांव वालों ने दोनों को देख लिया और परिवार को सूचना दी, मंदिर में ही दोनों की शादी करा दी.

UP News: यूपी के गाजीपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां के करंडा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करवा दी. उसे शक था कहीं पत्नी प्रेमी के साथ मिलकर उसे मार न डाले. लेकिन शादी होते ही पत्नी ने पति-ससुर समेत परिवार के 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवा दिया है. पूरे इलाके में इसकी चर्चा है तो वहीं पुलिस ने भी शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
जानकारी के मुताबिक थाना क्षेत्र के जमुआव गांव के रोहित (काल्पनिक नाम) की शादी 2023 में पूजा (काल्पनिक नाम) से हुई थी. शादी के बाद रोहित अपनी पत्नी के साथ काम करने नोएडा चला गया था. वहां उसका दोस्त पिंटू गोड जो पड़ोस के गांव का रहने वाला था, भी उसी कंपनी में काम करता था. पिंटू का रोहित के घर आना-जाना शुरू हुआ. कुछ दिनों में रोहित की पत्नी पूजा और पिंटू में प्रेम प्रसंग शुरू हो गया. यही नहीं रोहित के मुताबिक उसने कई बार दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा, लेकिन दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी जिससे वह चुप रहा.
गांव में खुला राज, मंदिर में हुई शादी
अभी हाल ही में कुछ दिन पहले रोहित पत्नी के साथ गांव लौटा और पिंटू भी गांव आ गया. बुधवार शाम को पूजा ने रोहित को दवा लाने भेजा और इस दौरान पिंटू को बुलाकर पास के खेत में चली गई. गांव वालों ने दोनों को देख लिया और परिवार को सूचना दी. परिवार और ग्रामीणों ने खेत में जाकर दोनों को रंगे हाथ पकड़ा और पास के काली मंदिर में रस्सियों से बांध दिया. पूजा बार-बार पिंटू के साथ रहने की जिद करती रही, और पिंटू भी उससे शादी करने पर अड़ा रहा. रोहित ने बताया कि दोनों ने पहले भी उसका गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की थी. इसके बाद रोहित और परिवार वालों ने तत्काल फैसला लेते हुए मंदिर में ही हिंदू रीति-रिवाज से दोनों की शादी करा दी, जिसमें सिंदूरदान भी हुआ.
पत्नी ने दर्ज कराया मुकदमा
हंगामे की सूचना पर गांव में पुलिस भी पहुंच गयी. उधर शादी के बाद पूजा और पिंटू पुलिस के साथ चले गए, लेकिन पूजा ने अपने पूर्व पति रोहित, सास, ससुर, ननद, देवर सहित 10 लोगों के खिलाफ करंडा बंधक और छेड़छाड़ का मुकदमा दर्ज करवाया. इस मामले में करंडा थाना अध्यक्ष ने बताया कि शादी का कोई मामला नहीं है, क्योंकि पहली शादी का तलाक हुए बिना दूसरी शादी संभव ही नहीं है. पीड़िता की शिकायत पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, और मामले की जांच की जा रही है.
टॉप हेडलाइंस
Source: IOCL





















