बुलंदशहर, एबीपी गंगा। स्याना कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में तीन बदमाशों ने घर में घुसकर पति के सामने पत्नी को बंधक बनाकर गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। उसके बाद बदमाश लूट की वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी हैं। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है।

हथियारों को बल पर बनाया बंधक

पीड़ित महिला के पति के अनुसार मंगलवार की रात वह अपने परिवार के साथ घर में सो रहा था। उसी दौरान तीन नकाबपोश बदमाशों ने उसके घर में धावा बोल दिया। पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने हथियारों के बल पर घर में मौजूद लोगों को बंधक बना लिया। पीड़ित महिला के पति के अनुसार बदमाशों ने उसकी पत्नी के साथ जबरन सामूहिक दुष्‍कर्म की वारदात को अंजाम दिया।

जल्द होगा पर्दाफाश

गैंगरेप की वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से दो मोबाइल फोन, इनवर्टर बैटरी समेत अन्य सामान लूट ले गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने शोर मचा दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि हर एंगल से मामले की बारिकी से जांच की जा रही है, जल्द ही पूरे मामले का पर्दाफाश होगा।