बरालोकपुर, एबीपी गंगा : बिजली के तार कितने खतरनाक हो सकते हैं, इसका असर इटावा के चौबिया क्षेत्र में देखने को मिला। चौबिया- फरुखाबाद मार्ग पर थाना चौबिया में गंगापुरा चौराहे पर स्थित असित इंटर कालेज के पीछे गेहूं की 40 बीघा खड़ी फसल जलकर राख हो गई। फसल जलने का कारण बिजली के झूलते तारों को बताया गया है।
गुरुवार को दोपहर के समय किसान रोज की तरह गेहूं काटकर अपने घर पर आराम कर रहे थे। तभी सिपाही राम पुत्र रामनाथ निवासी गंगापुरा के खेत में लगे बिजली पोल का ढीला तार तेज हवा के कारण आपस में टकरा गया जिससे उठी चिंगारी खेत पर गिरी। चिंगारी गिरने से फसल धूं धूं करके जलने लगी।
ग्रामीणों को जब जानकारी मिली तो मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी गई तब तक ज्ञान सिंह की 15 बीघा, सिपाही राम की 12 बीघा, नरेश की दो बीघा, अशोक की 10 बीघा फसल जलकर राख हो गई। किसानों का आरोप है कि दमकल विभाग को जानकारी देने के बाद भी फायर बिग्रेड की गाड़ी एक घंटा देर से पहुंची। गुस्साए लोगों ने इटावा-फर्ररुखाबाद मार्ग पर गंगापुरा चौराहे पर जाम लगा दिया।
थाना चौबिया के एसआइ राजेंद्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाया और ग्रामीणों को समझाबुझाकर शांत किया। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग को कई बार ढीले तार सही करने के लिए कहा गया लेकिन तार ठीक नहीं किए गए। तहसीलदार एनराम ने भी मौके पर पहुंचकर खेतों का निरीक्षण किया।