बांदा, भाषा। प्रदेश में किसानों की खुदकुशी का सिलसिला थम नहीं रहा है। ताजा मामला बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के सिंहपुर गांव का है। यहां कथित रूप से कर्ज से परेशान एक किसान ने गुरुवार की रात खेत में लगे पेड़ से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि 'लघु सीमांत' श्रेणी में आने वाले किसान रामभवन धोबी (60) ने गुरुवार की रात अपने खेत में लगे एक नीम के पेड़ में रस्सी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। उसका शव फंदे से उतार कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज गया है।
मृत किसान के परिजनों के हवाले से पुलिस चौकी ओरन के प्रभारी उपनिरीक्षक संजय सिंह ने बताया 'किसान पर आर्यावर्त बैंक ओरन का एक लाख रुपये और गांव के साहूकारों का करीब सवा लाख रुपये कर्ज था।' उन्होंने कहा ‘‘मामले की जांच की जा रही है और घटना की जानकारी उप जिलाधिकारी अतर्रा को दे दी गयी है।'’