इटावा में करवाचौथ पर पत्नी को मायके से लेने गए युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. युवक का शव घर के अंदर फांसी के फंदे पर लटका मिला. मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मारपीट और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. वहीं, पत्नी का कहना है कि पिछले दो महीने से उसकी पति से बातचीत नहीं हुई थी. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ये दर्दनाक घटना चौबिया थाना क्षेत्र के टकपुरा पुंजा गांव की है. जहां रहने वाले सोनू यादव नाम के युवक ने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. मृतक दिल्ली में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था और करीब दो महीने पहले ही दिल्ली से घर लौटा था. घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी.
परिजनों ने ससुरालियों पर प्रताड़ना के आरोप
मृतक के परिजनों का आरोप है कि करवाचौथ के मौके पर सोनू अपनी पत्नी को मायके से लेने गया था. आरोप है कि पत्नी ने साथ जाने से इनकार कर दिया और इस दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने सोनू के साथ मारपीट की और उसे प्रताड़ित किया. परिजनों का दावा है कि इसी से आहत होकर सोनू ने घर लौटने के बाद ख़ौफ़नाक क़दम उठा लिया और फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी.
वाराणसी में BJP की नई टीम फेल, मंत्री-विधायकों की फौज भी नहीं दिला सकी जीत
मृतक की बहन ने आरोप लगाया कि उसकी भाभी का किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसके चलते वह सोनू के साथ जाने से इनकार कर रही थी. हालांकि, इन आरोपों की अभी पुष्टि नहीं हुई है.
मृतक की पत्नी ने किया ये दावा
वहीं, मृतक की पत्नी पूनम का कहना है कि सोनू पिछले दो महीने से उससे बातचीत नहीं कर रहे थे और न ही उसके मायके आए थे. उसे पड़ोसियों के माध्यम से सोनू के फांसी लगाने की जानकारी मिली.
फिलहाल पुलिस परिजनों के आरोपों और पत्नी के बयान समेत सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है. पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है.
