Deoria News: ट्यूशन टीचर के घर के शौचालय में मिला मासूम छात्र का शव, मांगी गई थी 5 लाख की फिरौती
Deoria Crime News: खेत में लेटर मिला जिसमें बच्चे को छोड़ने के बदले 5 लाख फिरौती की मांग की गई थी. SP ने बताया, ट्यूशन टीचर के घर बच्चे का शव मिला है. मुकदमा दर्ज किया गया है.

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के देवरिया (Deoria) जिले में ट्यूशन पढ़ने गए 6 साल के मासूम की लाश मिलने से सनसनी फैल गयी है. घटना देर रात थाना लार के हरखौली गांव की है. पुलिस ने ट्यूशन टीचर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है. गौरतलब है कि थाना लार थाना क्षेत्र के हरखौली गांव के रहने वाले गोरख यादव मेडिकल की दुकान चलाते हैं. इनका बेटा संस्कार यादव गांव के ही नरसिंह विश्वकर्मा के घर ट्यूशन पढ़ने जाता था.
मांगी गई थी पांच लाख फिरौती
बुधवार को वह ट्यूशन पढ़ने के लिए घर से गया लेकिन शाम तक वापस नहीं आया तो घरवाले घबरा गए. इसके बाद खोजबीन शुरू की गई लेकिन बच्चा नहीं मिला. कुछ देर बाद गांव के बाहर एक खेत में एक लेटर मिला जिसमें बच्चे को छोड़ने के बदले पांच लाख के फिरौती की मांग की गई थी. इसके बाद यह मामला लार पुलिस तक पहुंचा.
शौचालय के अंदर मिला शव
पुलिस रात करीब नौ बजे गांव में पहुंचकर छनबीन शुरू करने लगी. एसपी संकल्प शर्मा और सीओ सलेमपुर भी मौके पर गए लेकिन लड़के का कुछ पता नहीं चल पा रहा था. पुलिस ने ट्यूशन टीचर के नाती से देर रात पूछताछ की तो पता चला कि संस्कार का शव शौचालय के अंदर है. पुलिस ने देर रात शव बरामद किया. इस घटना के बारे में देवरिया के एसपी ने बताया कि ट्यूशन टीचर के घर बच्चे का शव मिला है. संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है.
Source: IOCL





















