उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में एक दर्दनाक घटना हो गई, जहां भटनी थाना क्षेत्र के नोनापार गांव में मंगलवार-बुधवार की मध्य रात्रि को एक झोपड़ी में आग लगने से तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में एक 3 साल की मासूम बच्ची भी शामिल है. वहीं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल एक महिला को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है. घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है.

Continues below advertisement

जानकारी के मुताबिक़ देर रात अचानक इस झोपड़ी में आग लग गई, जिसके बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया. आसपास के लोग आग बुझाने में जुट गए. आग की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और अग्निशमन टीम तत्काल मौके पर पहुंची. जिसके बाद आग बुझाने का काम शुरू किया गया. 

तीन साल की बच्ची समेत 3 की मौत

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भटनी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जितेंद्र पुत्र लालचंद्र (32), बालकिशन पुत्र अदालत और जितेंद्र की तीन वर्षीय पुत्री शनि को मृत घोषित कर दिया. वहीं, जितेंद्र की पत्नी लीला की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है.

Continues below advertisement

'जो राम का नहीं, वह किसी काम का नहीं..', दशहरा पर बोले पूर्व मंत्री सुरेश राणा

घटना की सूचना मिलने पर देवरिया के एसपी अभिजीत आर. शंकर समेत अन्य पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और घटना की जानकारी ली. ये आग कैसे लगी इसकी पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है. इस घटना की जाँच की जा रही है. 

आग के कारणों का पता नहीं

भाटपार रानी के क्षेत्राधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि मध्य रात्रि में लगभग डेढ़ बजे के आसपास ग्राम नोनापार, थाना क्षेत्र भटनी में एक झोपड़ी में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई. सूचना पर तत्काल थाना पुलिस व अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया. इसके बाद घायलों को सीएचसी भटनी ले जाया गया. 

इस हादसे में तीन साल की बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई है. जबकि एक महिला गंभीर रूप से झुलस गई है. आग लगने की वजह का पता लगाया जा रहा है. इस पूरे प्रकरण में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है.