मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सख्ती के बाद उत्तराखंड में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए कई महत्वपूर्ण सफलताएं हासिल की हैं. देहरादून पुलिस ने विभिन्न आपराधिक मामलों में तेजी दिखाते हुए कई वांछित और फरार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जिससे कानून-व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिली है.

Continues below advertisement

राजपुर क्षेत्र में हुए चर्चित फायरिंग और हत्या कांड में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन और आरोपियों—आदेश गिरी, समीर चौधरी और मोहित अरोड़ा को गिरफ्तार किया है. यह घटना बार में हुए विवाद के बाद रोड रेज के दौरान हुई फायरिंग से जुड़ी थी, जिसमें मॉर्निंग वॉक पर निकले एक बुजुर्ग व्यक्ति की गोली लगने से मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस पहले ही चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जबकि अन्य की तलाश जारी है.

डकैती के आरोपी को पकड़ा

इसके अलावा, महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के अलीबाग क्षेत्र में हुई 18.5 लाख रुपये की डकैती के मामले में फरार चल रहे आरोपी योगेश रमेश लहारे को देहरादून और महाराष्ट्र पुलिस की संयुक्त टीम ने ऋषिकेश से गिरफ्तार किया. आरोपी लंबे समय से फरार था, जिसे सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान की मदद से पकड़ने में सफलता मिली. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे महाराष्ट्र पुलिस के हवाले कर दिया गया.

Continues below advertisement

एक लाख का इनामी गिरफ्तार

इसी क्रम में, उड़ीसा के कटक से जेल तोड़कर फरार हुए एक लाख रुपये के इनामी अपराधी राजा साहनी को भी पुलिस ने ऋषिकेश क्षेत्र से गिरफ्तार किया है. दीपम सेठ के अनुसार, इस कार्रवाई में देहरादून और टिहरी पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर आरोपी को वाहन सहित पकड़ा. आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों में गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है.

अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पुलिस ने अतिक्रमण और यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी सख्ती दिखाई है. डाकरा बाजार क्षेत्र में चलाए गए अभियान के दौरान अवैध अतिक्रमण हटाया गया और कई लोगों के खिलाफ पुलिस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई. वहीं नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को हटाकर उनके चालान भी किए गए.

प्रदेश भर में विशेष अभियान जारी

डीजीपी दीपम सेठ ने बताया कि ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत पूरे प्रदेश में सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है. संवेदनशील स्थानों पर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है. साथ ही पीजी, होटल, हॉस्टल, आश्रम और धर्मशालाओं में ठहरने वाले लोगों का सत्यापन भी सुनिश्चित किया जा रहा है.

पुलिस द्वारा पब और बार में नियमों के उल्लंघन पर भी सख्त कार्रवाई की जा रही है. शहरों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ाकर कानून-व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है. यह अभियान साफ संकेत देता है कि राज्य में अपराध और अव्यवस्था फैलाने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है.