लंदन, एजेंसी। कोरोना वायरस का संकट पूरी दुनिया में गहराता जा रहा है। इस खतरनाक बीमारी से ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन भी जुझ रहे हैं। हालांकि उनसे जुड़ी राहत की खबर सामने आयी है। रविवार को जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गये हैं। संक्रमण होने के बाद वे लंदन के सेंट थामस अस्पताल में भर्ती थे। सांस लेने में ज्यादा तकलीफ के बाद उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया था।
उनका इलाज उच्चस्तरीय मेडिकल टीम की देखरेख में किया जा रहा है। तीन रात तक आईसीयू में इलाज के बाद बृहस्पतिवार को उनकी हालत में सुधार होते देख उन्हें फिर से वॉर्ड में शिफ्ट कर दिया गया है। उनकी गैरमौजूगी में विदेश सचिव डॉमिनिक राब को देश का नेतृत्व दिया गया है। बता दें कि ब्रिटिश पीएम एक महीने पहले ही कोरोना से संक्रमित पाए गए थे और फिर उन्होंने खुद को आइसोलेशन में कर लिया था।
वहीं पीएम बोरिस जॉनसन के आईसीयू से बाहर आने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुशी जाहिर करते हुये ट्वीट किया। ट्रंप ने लिखा कि, 'बड़ी खबर: प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन आईसीयू से बाहर आ गए हैं। जल्द स्वस्थ हों बोरिस!'
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद प्रधानमंत्री जॉनसन ने 23 मार्च को ब्रिटेन में लॉक डाउन घोषित किया था। इसके तहत हर प्रकार की आवाजाही बंद है, केवल आवश्यक वस्तुओं की सेवाएं जारी रखी गई हैं। लोगों के जुटने पर पाबंदी है, लोग घरों से तभी बाहर निकल रहे हैं जब उन्हें कोई जरूरी सामान खरीदना होता है।