आगरा, एबीपी गंगा। उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में कोरोना वायरस से पहली मौत हुई है। एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती 76 साल की बुजुर्ग महिला मनोरमा देवी ने बुधवार को दम तोड़ दिया। बुजुर्ग महिला का पौत्र नीदरलैंड से यात्रा कर लौटा था। आपको बता दें कि कमला नगर में 76 वर्षीय महिला कोरोना संक्रमित मिली थी। उनका पौत्र 15 मार्च को नीदरलैंड से लौटा था। वह 14 दिन होम क्वारंटीन में रहा। स्क्रीनिंग हुई तो संक्रमण नहीं मिला लेकिन घर में उसके संपर्क में आने के कारण उसकी दादी को कोरोना हो गया।
जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला अस्थमा से भी पीड़ित थी। उनका इलाज 10 दिन तक मुगल रोड स्थित दो अस्पतालों में अस्थमा का ही उपचार चला। तबीयत बिगड़ने पर नमूने लिए गए तो कोरोना निकला। इसके बाद एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने पुष्टि करते हुए कहा कि महिला को विदेश से लौटे पौत्र से संक्रमण मिला था। डीएम ने कहा कि बच्चों और बुजर्गों को खास एहितयात बरतनी चाहिए।
डीएम ने कहा कि बुजुर्गों और छोटे बच्चों को सुरक्षित रखना महत्वपूर्ण है। जानकारी देते हुये उन्होंने बताया कि महिला एसएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती थीं और पहले से ही स्थिति खराब थी। डॉक्टरों ने पूरी कोशिश की लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका बता दें कि आगरा में अब तक 65 कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज मिले हैं। बुधवार को देहात क्षेत्र खंदौली में मां-बेटी की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी।
सीएमओ मुकेश कुमार वत्स के मुताबिक महिला गंभीर बीमारियों से पहले से ही पीड़ित थी और कई दिन से अन्य अस्पतालों में इलाज चलने के बाद कल उसे एसएन मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था। जहां उसकी मौत हो गई।
