लखनऊ, एबीपी गंगा। रायबरेली की सदर सीट से विधायक अदिति सिंह के काफिले पर जानलेवा हमला हुआ है। आरोप है कि उनके काफिले का पीछा कर रही गाड़ी से कुछ लोगों ने उन पर हमला किया। इस हमले में उनकी और काफिले में शामिल गाड़ियां अनियंत्रित होकर पलट गई। इस घटना में अदिति सिंह घायल भी हुई हैं। उन्हें इलाज के लिए लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हमले के दौरान काफिले पर पथराव के बाद फायरिंग भी की गई। यह घटना हरचंदपुर थाना क्षेत्र के कठवारा के पास की है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार को रायबरेली जिला पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हो रही है। खबर के मुताबिक, सिर्फ अदिति ही नहीं अविश्वास प्रस्ताव के लिए वोटिंग करने जा रहे अन्य जिला पंचायत सदस्यों पर भी बदमाशों ने फायरिंग की है। अन्य सदस्यों पर फायरिंग के बाद अदिति सिंह के काफिले का पीछा किया गया।

बता दें कि रायबरेली से सोनिया गांधी के खिलाफ बीजेपी के लोकसभा प्रत्याशी दिनेश सिंह के भाई अवधेश सिंह यहां के जिला पंचायत अध्यक्ष हैं और उनके खिलाफ ही अविश्वास प्रस्ताव पर वोटिंग हो रही थी। वहीं अदिति सिंह ने हमले का आरोप दिनेश सिंह पर लगाया है।