नई दिल्ली, एबीपी गंगा। जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 निरस्त होने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी कश्मीर के लिए रवाना हो गए हैं। राहुल गांधी समेत विपक्ष के 12 नेता कश्मीर में स्थिति का जायजा लेंगे। सूत्रों के मुताबिक अगर श्रीनगर में दाखिल होने की इजाजत मिली तो राहुल समेत सभी नेता वहां हालात का जायजा लेंगे और स्थानीय नेताओं एवं निवासियों से मुलाकात करेंगे।
विपक्षी नेताओं के इस प्रतिनिधिमंडल में माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, भाकपा महासचिव डी राजा, लोकतांत्रिक जनता दल के शरद यादव, राजद के मनोज झा, द्रमुक के तिरुचि शिवा, तृणमूल कांग्रेस के दिनेश त्रिवेदी और कुछ अन्य दलों के नेता शामिल होंगे।
दरअसल, जम्मू कश्मीर के राज्यपाल सत्यपाल मलिक ने राहुल गांधी को कश्मीर आने का न्योता दिया था। कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों के नेताओं ने जम्मू-कश्मीर में हिरासत में लिए गए नेताओं की रिहाई की मांग करते हुए गुरुवार को यहां प्रदर्शन भी किया था।
गौरतलब है कि हाल ही में केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 के कई प्रावधान हटाने और राज्य को दो केंद्रशासित प्रदेशों को बांटने का कदम उठाया है। केंद्र के फैसले के बाद कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए राज्य के कई इलाकों में एहतियातन भारी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई और मोबाइल एवं इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गईं। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री फारूक अब्दुल्ला, उमर अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती सहित कई नेताओं को नजरबंद भी किया गया।
