GorakhpurNews: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार शाम गोरखनाथ मंदिर परिसर में विकास कार्यों और कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की. इस दौरान उन्होंने अफसरों को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य बरसात से पहले पूरे कर लिए जाएं ताकि बारिश के दौरान किसी भी विकास परियोजना में रुकावट न आए. सीएम योगी ने कहा कि हर परियोजना की समयसीमा तय होनी चाहिए और उसका काम तय समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाना अनिवार्य है.
बरसात से पहले पूरा होना जरुरी
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि बरसात का मौसम निर्माण कार्यों के लिए चुनौतीपूर्ण होता है, ऐसे में खुले में चल रहे निर्माण कार्यों को बरसात से पहले निपटाना ज़रूरी है. उन्होंने कहा कि जिन परियोजनाओं में जमीन अधिग्रहण हो चुका है, वहां अब तेजी से निर्माण कार्य कराया जाए. वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी हर 15 दिन में विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें ताकि जिम्मेदारी तय हो सके.
जलभराव की समस्या न हो
मुख्यमंत्री ने कहा कि जून के दूसरे पखवाड़े से बरसात शुरू हो सकती है, इसलिए अभी से तैयारी शुरू कर दी जाए. सभी नालों की समय से सफाई सुनिश्चित हो और गोड़धोइया नाला परियोजना को तेजी से पूरा किया जाए, जिससे शहर में जलभराव की समस्या न हो. सीएम ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में इस दिशा में बेहतर काम हुआ है, अब इसे और सुधारने की जरूरत है.
नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता
मुख्यमंत्री योगी ने पेयजल, स्वच्छता और बिजली आपूर्ति जैसी नागरिक सुविधाओं को गंभीरता से लेने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि आईजीआरएस पोर्टल पर आने वाली शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण हो तथा फीडबैक लेकर उसे बेहतर किया जाए.
कानून व्यवस्था बनी रहे मजबूत
कानून व्यवस्था पर चर्चा करते हुए सीएम योगी ने दोहराया कि अपराधियों के प्रति प्रदेश की जीरो टॉलरेंस नीति बरकरार रहे. चाहे घटना छोटी हो या बड़ी, पुलिस को हर शिकायत को गंभीरता से लेना होगा. उन्होंने पुलिस पेट्रोलिंग, पीआरवी की प्रतिक्रिया समय और ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश भी दिए. उन्होंने कहा कि सड़कों पर बेतरतीब वाहन खड़े न हों, सभी वाहनों को तय पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा कराया जाए. टेम्पो चालकों को भी निर्धारित स्टैंड पर ही रुकने की हिदायत दी जाए.
