लखनऊ. उत्तर प्रदेश में लव जिहाद मामलों को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है. उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों को रोकने के लिये हम काम कर रहे हैं. हम जल्द कानून बनाएंगे. साथ ही मुख्यमंत्री ने चेतावनी देते हुये कहा कि ''जो लोग अपनी पहचान छिपाकर लड़कियों के सम्मान को ठेस पहुंचाते हैं, उनका राम नाम सत्य होगा''. सीएम योगी ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुये अपनी बात कही.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ''हाई कोर्ट के अनुसार विवाह के लिये धर्म परिवर्तन जरूरी नहीं''. आपको बता दें कि बीते दिनों यूपी में कई शहरों में एकाएक लव जिहाद के एक साथ कई मामले सामने आये थे. वहीं, हाल ही में धर्म परिवर्तन को लेकर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक बेहद अहम फैसला सुनाया है. इलाहाबाद हाई कोर्ट ने अपने फैसले में कहा है कि केवल शादी के लिए धर्म परिवर्तन वैध नहीं है.