कानपुर, एजेंसी। शहर के मोहम्मद अली पार्क में नागरिकता संशोधन कानून को लेकर चल रहे महिलाओं के धरना प्रदर्शन के सिलसिले में अपर सिटी मजिस्ट्रेट ने 66 लोगों से दो दो लाख रूपये की बांड राशि जमा करने के लिए कहा है ।
अपर सिटी मजिस्ट्रेट (तृतीय) अनिल अग्निहोत्री ने बताया कि उन्होंने 66 लोगों को सीआरपीसी 107-116 के तहत दो दो लाख रूपये का श्योरिटी बांड जमा करने को कहा है। अग्निहोत्री ने बताया कि मामला चमनगंज थाने का है। पुलिस कानून व्यवस्था भंग करने या औरतों को भडकाने जैसे मामलों में अपनी रिपोर्ट अदालत को देती है, जिस पर संज्ञान लेकर नोटिस भेजा गया है। नोटिस पाने वाले को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश होना पड़ता है और बांड भरना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि मोहम्मद अली पार्क में प्रदर्शन चल रहा है । पुरूष औरतों को नारेबाजी के लिए भड़का सकते हैं या फिर कानून व्यवस्था भंग कर सकते हैं। अग्निहोत्री ने बताया कि एहतियातन 66 लोगों को नोटिस भेजकर बांड की राशि भरने को कहा गया है ।
