उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा है कि बदलती जीवनशैली के कारण कम उम्र के लोगों में भी हार्ट अटैक और दूसरी बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है. इससे बचने के लिए इलाज के साथ बीमारी की रोकथाम पर भी ध्यान देना जरूरी है. उन्होंने लोगों से खानपान में सुधार करने, नियमित व्यायाम करने और स्वस्थ दिनचर्या अपनाने की अपील की.

Continues below advertisement

ब्रजेश पाठक शनिवार, 10 अक्टूबर को द वीक मेटाबॉलिक हेल्थ समिट-2026 के उत्तर प्रदेश संस्करण में ‘बिल्डिंग ए हेल्दियर यूपी फॉर टुमॉरो: फ्रॉम विजन टू एक्शन’ विषय पर बोल रहे थे. उन्होंने मोटापा, असंतुलित खानपान, शारीरिक निष्क्रियता और मानसिक तनाव को स्वास्थ्य समस्याओं के प्रमुख कारणों में शामिल बताया.

यह भी पढ़ें- अखिलेश यादव अयोध्या नहीं तो जहूराबाद आ जाएं, OP राजभर ने दी चुनौती

Continues below advertisement

खानपान पर नियंत्रण और नियमित व्यायाम जरूरी

डिप्टी सीएम ने कहा कि लोगों को अपनी जरूरत के अनुसार भोजन करना चाहिए और कैलोरी की मात्रा पर ध्यान देना चाहिए. उन्होंने कार्बोनेटेड सॉफ्ट ड्रिंक्स और एनर्जी ड्रिंक्स के अधिक सेवन से बचने की सलाह दी। उनके मुताबिक, शरीर को स्वस्थ रखने के लिए सक्रिय रहना जरूरी है. इसके लिए जिम जाना या कठिन व्यायाम करना अनिवार्य नहीं है. तेज कदमों से पैदल चलना, सीढ़ियां चढ़ना और घर के सामान्य काम करना भी फायदेमंद हो सकता है.

अस्पतालों में बचाव के उपायों की भी मिले जानकारी

ब्रजेश पाठक ने कहा कि अस्पतालों में केवल इलाज ही नहीं, बल्कि बीमारियों से बचाव के बारे में जागरूक करने की व्यवस्था भी होनी चाहिए. इसके लिए जागरूकता कर्मियों की तैनाती पर विचार किया जा सकता है. उन्होंने समाचार पत्रों, टीवी और सोशल मीडिया के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को लेकर अभियान चलाने पर जोर दिया. स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सुझाव मांगे और कहा कि जनस्वास्थ्य सुधारने के लिए उपयोगी सुझावों पर सरकार विचार करेगी.

डेंगू-मलेरिया रोकने के लिए जनभागीदारी जरूरी

डिप्टी सीएम ने इंसेफेलाइटिस, मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया जैसी बीमारियों की रोकथाम में लोगों की भागीदारी को जरूरी बताया. उन्होंने घरों के आसपास पानी जमा नहीं होने देने, साफ-सफाई रखने और मच्छरों को पनपने से रोकने की अपील की. कूलर और बेकार पड़े टायरों में जमा पानी नियमित रूप से साफ करने पर भी जोर दिया.

स्वस्थ यूपी के लिए विशेषज्ञों से मांगे सुझाव

ब्रजेश पाठक ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही प्रदेश और देश के विकास में प्रभावी योगदान दे सकते हैं. उन्होंने समिट के आयोजकों को बधाई दी और उम्मीद जताई कि नीति-निर्माताओं तथा स्वास्थ्य विशेषज्ञों के बीच संवाद से स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा. कार्यक्रम में केजीएमयू की कुलपति डॉ. सोनिया नित्यानंद समेत अन्य लोग मौजूद रहे.

यह भी पढ़ें- यूपी में पेंशनधारकों को योगी सरकार का तोहफा, मासिक पेंशन में बढ़ेगी